हफ्ते के अंत में बाजार में बूम; सेंसेक्स ने मारी लंबी छलांग
वैश्विक उतार-चढ़ाव के बावजूद भारतीय बाजार में निवेशकों का भरोसा कायम है। वित्त, ऑटो और एफएमसीजी सेक्टर में तेज खरीदारी से सेंसेक्स ने पकड़ी रफ्तार।

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती के साथ शानदार क्लोजिंग दी है। FMCG सेक्टर में जोश और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में उछाल ने बाजार को नई ताकत दी। बीएसई सेंसेक्स 484 अंक चढ़कर 83,952 अंकों पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 124 अंकों की बढ़त के साथ 25,600 के पार निकल गया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 704 अंक की छलांग लगाकर 84,172 के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया था।
विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव के बावजूद भारतीय निवेशकों का भरोसा बरकरार है। घरेलू निवेशक वित्त, ऑटो और एफएमसीजी सेक्टर में आक्रामक खरीदारी कर रहे हैं, जिससे बाजार को मजबूती मिली। विदेशी निवेशकों (FII) ने गुरुवार को करीब ₹997 करोड़ के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने ₹4,076 करोड़ से अधिक की खरीदारी की जिससे बाजार में रौनक बनी रही।
सेंसेक्स के दिग्गज शेयरों में एशियन पेंट्स सबसे बड़ा लाभार्थी रहा, जिसमें 4.18% की तेजी दर्ज हुई। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों ने भी बढ़त दिखाई। हालांकि, आईटी सेक्टर पर दबाव बना रहा और इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और टाटा स्टील जैसी कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई।
वैश्विक स्तर पर मिलेजुले संकेत देखने को मिले। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी हरे निशान में रहा, लेकिन जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाल निशान में बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में भी कमजोर शुरुआत रही। वहीं, ब्रेंट क्रूड 0.92% गिरकर 60.50 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। कुल मिलाकर, घरेलू बाजार में रिटेल और संस्थागत निवेशकों की सक्रियता से शुक्रवार को हफ्ते का अंत पॉजिटिव नोट पर हुआ।

Ashiti Joil
यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।
