धनतेरस के बाद सोने की कीमतों में गिरावट ; वाराणसी, लखनऊ और मेरठ के ग्राहकों को राहत
छठ पर्व के बीच सोना खरीदने वालों के लिए राहत की खबर है। लखनऊ, वाराणसी और मेरठ में आज 27 अक्टूबर को सोने के दामों में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई है, जबकि चांदी कीमतें स्थिर रहीं।

गोल्ड रिफरेन्स इमेज
छठ महापर्व के बीच सोना खरीदने वालों के लिए अच्छी खबर आई है। उत्तर प्रदेश के सर्राफा बाजारों में आज सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। लखनऊ, वाराणसी और मेरठ में सोने के दाम कम हुए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि धनतेरस के बाद से सोना-चांदी की कीमतें लगातार कम हो रही हैं, इसलिए यह समय सोना खरीदने या निवेश करने के लिए अच्छा हो सकता है।
वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन के संरक्षक विजय तिवारी ने बताया कि पिछले सप्ताह की तुलना में इस सप्ताह सोने के भाव में तेज गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि दिवाली और धनतेरस के बाद मांग थोड़ी कम हो गई है, इसलिए कीमतें नीचे आ रही हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने की कीमतें कम हुई हैं, जिसका असर देश के बाजारों में दिखाई दे रहा है।
लखनऊ के बाजार में 27 अक्टूबर को 24 कैरेट सोना 1,090 रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता होकर 1,24,110 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। कल इसका भाव 1,25,200 रुपए प्रति 10 ग्राम था। मेरठ में भी 24 कैरेट सोना 1,24,120 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है।
वाराणसी में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई। यहां 24 कैरेट सोना 1,140 रुपए घटकर 1,24,630 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। 22 कैरेट सोना 950 रुपए कम होकर 1,14,250 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया और 18 कैरेट सोना 900 रुपए सस्ता होकर 93,600 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। चांदी की कीमतों में आज कोई बदलाव नहीं हुआ। बाजार खुलते ही चांदी 1,55,000 रुपए प्रति किलो पर ही बनी रही। विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल चांदी की मांग स्थिर है, इसलिए इसके दाम ज्यादा नहीं बदल रहे।
धनतेरस और दिवाली के बाद सोने की बिक्री में अक्सर गिरावट आ जाती है। व्यापारी ग्राहक लुभाने के लिए कीमतें थोड़ी कम कर देते हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि यह खरीदारों के लिए सोना लेने का सही समय है, क्योंकि आने वाले महीनों में कीमतें बढ़ सकती हैं। त्योहारों के दौरान सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। छठ पर्व में भी कई लोग पारंपरिक रूप से सोना-चांदी खरीदते हैं। इस वजह से दामों में गिरावट उनके लिए राहत की खबर है। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अगर खरीदार अभी सोना खरीदते हैं, तो भविष्य में कीमत बढ़ने से पहले फायदा उठा सकते हैं।
इस समय उत्तर प्रदेश के सर्राफा बाजारों में सोना-चांदी के दाम कम या स्थिर दिखाई दे रहे हैं। व्यापारी उम्मीद कर रहे हैं कि आने वाले दिनों में मांग बढ़ने से बाजार फिर से चल पड़ेगा। फिलहाल खरीदारी के लिहाज से यह समय ग्राहकों के लिए सबसे अच्छा माना जा रहा है।

Manyaa Chaudhary
यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।
