टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी ट्रेंट (Trent) के शेयरों में आज बाजार खुलते ही जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी का शेयर शुरुआती कारोबार में करीब 12 फीसदी तक उछल गया।

रेवेन्यू में 23 फीसदी की बढ़ोतरी

कंपनी ने शेयर एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी है कि 30 सितंबर, 2026 को समाप्त हुई तिमाही (Q2 FY27) में ऑपरेशन्स से उसका स्टैंडअलोन रेवेन्यू पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 23% बढ़कर ₹5,788 करोड़ पहुंच गया है। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू ₹4,724 करोड़ था।

वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (H1 FY27) में कंपनी का कुल रेवेन्यू 21% बढ़कर ₹11,454 करोड़ दर्ज किया गया, जो पिछले साल की पहली छमाही में ₹9,505 करोड़ था। अन्य ऑपरेटिंग इनकम को छोड़कर, मर्चेंडाइज बिक्री से प्राप्त रेवेन्यू में भी दूसरी तिमाही के दौरान 23% और पहली छमाही के दौरान 21% की वृद्धि हुई है।

स्टॉक का प्रदर्शन और स्टोर नेटवर्क

ट्रेंट का शेयर बीएसई (BSE) पर पिछले कारोबारी सत्र में ₹2,575 पर बंद हुआ था। आज यह बढ़त के साथ ₹2,800 पर खुला और शुरुआती कारोबार के दौरान उछलकर ₹2,901.20 के स्तर तक पहुंच गया। कंपनी का 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर ₹3,399.75 है। एनएसई (NSE) के आंकड़ों के अनुसार, इस साल अब तक ट्रेंट के शेयरों में 9.95% और पिछले एक साल में 19.64% की गिरावट आई है।

बिजनेस विस्तार की बात करें तो ट्रेंट ने इस तिमाही के दौरान अपना 1,000वां वेस्टसाइड/जूडियो स्टोर खोला। 30 सितंबर, 2026 तक कंपनी के पास वेस्टसाइड (Westside), जूडियो (Zudio) और अन्य लाइफस्टाइल ब्रांड्स को मिलाकर कुल 1,342 स्टोर संचालित थे।

ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म की राय

हाल ही में ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म बीऑफए सिक्योरिटीज (BofA Securities) ने ट्रेंट के शेयर पर 'Buy' (खरीदने की) रेटिंग दी है और ₹3,075 प्रति शेयर का प्राइस टारगेट तय करते हुए अपनी कवरेज शुरू की है।

BofA के एनालिस्ट्स का कहना है कि कंपनी ने कपड़े, फैशन, ब्यूटी, फूड, ग्रॉसरी और नए कंज्यूमर लाइफस्टाइल सेगमेंट्स में एक मजबूत रिटेल प्लेटफॉर्म तैयार किया है। ब्रोकरेज ने यह भी उल्लेख किया कि भारत के बड़े और असंगठित फैशन रिटेल मार्केट में ट्रेंट की हिस्सेदारी फिलहाल केवल 2% है, जिससे भविष्य में कंपनी के लिए अपना मार्केट शेयर बढ़ाने और व्यापार को विस्तार देने की काफी संभावनाएं मौजूद हैं।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story