मुकेश अंबानी की रिलायंस का महा-कमबैक! फिर बनी दुनिया की टॉप 100 कंपनियों में शामिल अकेली भारतीय कंपनी|
शेयरों में लगातार दो दिन की तेजी के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज 187.39 अरब डॉलर के मार्केट कैप के साथ वैश्विक सूची में 99वें स्थान पर पहुंची।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी औद्योगिक और व्यापारिक बैकग्राउंड के साथ मुंबई में, जिनकी कंपनी ने दुनिया की टॉप 100 कंपनियों में फिर से जगह बनाई है।
देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में पिछले दो दिनों के भीतर 12 फीसदी की शानदार तेजी दर्ज की गई है। इस उछाल के दम पर रिलायंस इंडस्ट्रीज ने एक बार फिर दुनिया की टॉप 100 सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची में जगह बना ली है। मुकेश अंबानी की यह कंपनी इस वैश्विक सूची में शामिल होने वाली एकमात्र भारतीय कंपनी बन गई है, जिससे भारतीय कॉरपोरेट जगत का मान बढ़ा है।
दो दिनों की तेजी और मार्केट कैप का नया स्तर
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सोमवार को 11.64 फीसदी की जोरदार बढ़त देखने को मिली थी, जिसके बाद मंगलवार को भी शेयर 0.55 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ। इस लगातार दो दिनों के उछाल के कारण कंपनी का कुल मार्केट कैप (बाजार पूंजीकरण) बढ़कर 17.60 लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है।
companiesmarketcap.com के आंकड़ों के अनुसार, रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 187.39 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। इस आंकड़े के साथ रिलायंस दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों की वैश्विक रैंकिंग में 99वें स्थान पर काबिज हो गई है, जिससे लंबे समय बाद इस सूची में कंपनी की वापसी हुई है।
एनवीडिया फिर बनी नंबर 1, ऐपल दूसरे स्थान पर
दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची में एआई (AI) चिप बनाने वाली दिग्गज कंपनी एनवीडिया (Nvidia) एक बार फिर पहले पायदान पर पहुंच गई है। एनवीडिया का मार्केट कैप 4.990 ट्रिलियन डॉलर हो चुका है। वहीं, आईफोन बनाने वाली कंपनी ऐपल (Apple) 4.843 ट्रिलियन डॉलर के मार्केट कैप के साथ खिसक कर दूसरे स्थान पर आ गई है।
टॉप 100 में अमेरिका का दबदबा
वैश्विक स्तर पर मार्केट कैप के मामले में अमेरिका का वर्चस्व साफ नजर आता है। दुनिया की टॉप 100 कंपनियों की इस सूची में अकेले अमेरिका की 62 कंपनियां शामिल हैं। चीन की 10 कंपनियां इस सूची में जगह बनाने में कामयाब रही हैं, जिनमें चाइना कंस्ट्रक्शन बैंक 462.86 अरब डॉलर के मार्केट कैप के साथ 26वें स्थान पर है।
इसके अलावा, ब्रिटेन की 5 कंपनियां, स्विट्जरलैंड और फ्रांस की 3-3 कंपनियां, जबकि जापान, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण कोरिया की 2-2 कंपनियां इस लिस्ट में शामिल हैं।
दुनिया की टॉप 10 दिग्गज कंपनियां
ग्लोबल टॉप 10 लिस्ट में भी अमेरिकी कंपनियों का पूरी तरह दबदबा है, जहां 8 कंपनियां अमेरिका की हैं।
top 10 की सूची में शामिल प्रमुख कंपनियां इस प्रकार हैं:
- एनवीडिया (Nvidia)
- ऐपल (Apple)
- माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft)
- गूगल की मूल कंपनी अल्फाबेट (Alphabet)
- ऐमजॉन (Amazon)
- ताइवान की चिप निर्माता TSMC (2.099 ट्रिलियन डॉलर के साथ छठे स्थान पर)
- स्पेसएक्स (SpaceX)
- सऊदी अरामको (1.687 अरब डॉलर के साथ आठवें स्थान पर)
- मेटा प्लेटफॉर्म्स (Meta Platforms)
- ब्रॉडकॉम (Broadcom)

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
