मोबिक्विक को आरबीआई से एनबीएफसी लाइसेंस के लिए मिली मंजूरी
भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी के बाद मोबिक्विक सहायक कंपनी एमएफएसपीएल के जरिए कंज्यूमर्स और एमएसएमई को ऋण सेवाएं प्रदान करेगा।

फिनटेक प्रमुख मोबिक्विक को भारतीय रिजर्व बैंक से एनबीएफसी लाइसेंस मिल गया है, जिससे कंपनी अब टियर 2 और 3 शहरों में नए ऋण उत्पाद लॉन्च कर सकेगी।
वन मोबिक्विक सिस्टम्स लिमिटेड (मोबिक्विक) (एनएसई: मोबिक्विक / बीएसई: 544305) को नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (एनबीएफसी) लाइसेंस के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से मंजूरी मिल गई है, जिससे ग्रुप की फाइनेंशियल सर्विसेस को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज हुई है।
इस मंजूरी के तहत मोबिक्विक फाइनेंशियल सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड (एमएफएसपीएल), जो कि पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है, के माध्यम से एक नया लेंडिंग डिवीजन स्थापित किया जाएगा। इससे ग्रुप की रेगुलेटेड लेंडिंग क्षमता में वृद्धि होगी, साथ ही नए और इनोवेटिव क्रेडिट प्रोडक्ट्स विकसित कर अधिक ग्राहकों और मर्चेंट्स तक सेवाओं की प्रभावी पहुँच सुनिश्चित की जा सकेगी। यह पहल ग्रुप के दीर्घकालिक दृष्टिकोण के अनुरूप है, जिसके तहत वह एक फुल-स्टैक फिनटेक प्लेटफॉर्म स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो आसान, जिम्मेदार और तकनीक आधारित फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स प्रदान कर सके।
एनबीएफसी के रूप में यह विस्तार ग्रुप की मौजूदा क्षमताओं पर आधारित होगा, जिसमें 18.6 करोड़ से अधिक का यूजर बेस, मजबूत टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर, भरोसेमंद ब्रांड पहचान, तथा रिस्क अंडरराइटिंग और कलेक्शन क्षमता शामिल हैं। एमएफएसपीएल के जरिए नए क्रेडिट प्रोडक्ट्स तेजी से लॉन्च किए जाएंगे, जो कंज्यूमर्स और एमएसएमई को सिक्योर्ड और अनसिक्योर्ड दोनों प्रकार के क्रेडिट उपलब्ध कराएंगे, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहाँ वर्तमान में सेवाओं की पहुँच सीमित है। हालांकि, एनबीएफसी का परिचालन आरबीआई से सर्टिफिकेट ऑफ रजिस्ट्रेशन (सीओआर) प्राप्त होने और निर्धारित शर्तों की पूर्ति के बाद ही प्रारंभ होगा।
मोबिक्विक की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, को-फाउंडर और सीएफओ उपासना टाकू ने कहा कि एनबीएफसी की मंजूरी ग्रुप के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और यह उसे एक मजबूत फाइनेंशियल सर्विस प्लेटफॉर्म बनने की दिशा में आगे बढ़ाती है। उन्होंने बताया कि चार महीने से भी कम समय में मिली यह मंजूरी ग्रुप की विश्वसनीयता को दर्शाती है। उन्होंने आरबीआई के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्रेडिट प्रोडक्ट्स को बेहतर बनाने, मजबूत गवर्नेंस और रिस्क मैनेजमेंट बनाए रखने में सहायता मिलेगी तथा वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने वाले प्रोडक्ट्स विकसित किए जाएंगे।
एनबीएफसी फ्रेमवर्क के तहत मोबिक्विक अपनी तकनीक, एआई-एमएल मॉडल्स और बड़े यूजर बेस का उपयोग करते हुए ग्राहकों की विविध आवश्यकताओं के अनुरूप फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स उपलब्ध कराएगा। कंपनी का विशेष फोकस टियर 2 और टियर 3 शहरों पर रहेगा, हालांकि सेवाएं पूरे देश में प्रदान की जाएंगी। इस रणनीति का उद्देश्य उन क्षेत्रों में फाइनेंशियल सर्विसेस का विस्तार करना है, जहां वर्तमान में इनकी उपलब्धता सीमित है, जिससे अधिक लोगों को क्रेडिट तक सुलभ और बेहतर पहुँच मिल सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
