1980 और 90 के दशक में बच्चों और युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय रहा ऑरेंज फ्लेवर सॉफ्ट ड्रिंक ‘गोल्ड स्पॉट’ (Gold Spot) एक बार फिर भारतीय बाजार में वापसी करने जा रहा है। दिग्गज बेवरेज कंपनी कोका-कोला लगभग 26 साल के लंबे अंतराल के बाद इस पुराने और प्रतिष्ठित ब्रांड को नए अंदाज में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी इस बार इसे कम चीनी वाले फॉर्मूले के साथ बाजार में उतार सकती है। गोल्ड स्पॉट की वापसी की खबरों ने सोशल मीडिया पर भी लोगों की पुरानी यादों को ताजा कर दिया है। बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा भी इसकी वापसी के पीछे एक महत्वपूर्ण कारण मानी जा रही है। साथ ही, कोका-कोला के दूसरे ऑरेंज ड्रिंक फैंटा की बिक्री पर कोई असर न पड़े, इसके लिए नए गोल्ड स्पॉट के फॉर्मूलेशन और बाजार में उसकी पोजिशनिंग को अलग रखने की योजना है।

बच्चों की पार्टियों और गर्मियों की छुट्टियों की था पहली पसंद

गोल्ड स्पॉट को भारतीय बाजार में पारले (Parle) द्वारा पेश किया गया था, जब देश में सॉफ्ट ड्रिंक इंडस्ट्री तेजी से अपने पैर पसार रही थी। अपने चमकीले ऑरेंज रंग और खट्टे-मीठे स्वाद के दम पर इस ड्रिंक ने बहुत कम समय में बच्चों और युवाओं के दिलों में खास जगह बना ली थी। उस दौर में यह जन्मदिन की पार्टियों, गर्मियों की छुट्टियों और दोस्तों के साथ बिताए जाने वाले खुशनुमा पलों का एक अहम हिस्सा बन गया था। सिर्फ इसका स्वाद ही नहीं, बल्कि इसकी कांच की बोतलें और रंगीन ढक्कन भी बच्चों को खूब आकर्षित करते थे। कई बच्चों को तो इसकी बोतलों के ढक्कन इकट्ठा करने का शौक भी हुआ करता था।

रेखा के विज्ञापन और मशहूर टैगलाइन ने बनाई अलग पहचान

गोल्ड स्पॉट की जबरदस्त लोकप्रियता में इसके रचनात्मक विज्ञापनों का बड़ा हाथ रहा। ब्रांड की टैगलाइन 'द जिंग थिंग' (The Zing Thing) लोगों की जुबान पर चढ़ गई थी। इससे पहले 'लिवा लिटल हॉट, सिप्पा गोल्ड स्पॉट' (Livva Little Hot, Sippa Gold Spot) जैसी लाइनें भी काफी चर्चा में रही थीं। इन विज्ञापनों में युवाओं और बच्चों की ऊर्जा, जोश और मस्ती को बेहद आकर्षक ढंग से दिखाया जाता था। दिग्गज अभिनेत्री रेखा भी गोल्ड स्पॉट के एक पुराने विज्ञापन में दिखाई दी थीं, जिसने इस ब्रांड को घर-घर में एक खास पहचान दिलाई और लोगों की यादों में लंबे समय तक जीवित रखा।

1993 में कोका-कोला ने खरीदा, फिर फैंटा के लिए किया बंद

साल 1993 में कोका-कोला ने पारले के सॉफ्ट ड्रिंक कारोबार को लगभग 4 करोड़ डॉलर में खरीद लिया था। इस बड़े सौदे में गोल्ड स्पॉट के साथ-साथ थम्स अप, लिम्का और माजा जैसे लोकप्रिय भारतीय ब्रांड भी शामिल थे। इस अधिग्रहण से कोका-कोला को भारत में पहले से स्थापित ब्रांड और एक मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क मिल गया।

हालांकि, भारतीय बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने के बाद कंपनी ने अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को व्यवस्थित करने का फैसला लिया। इसी रणनीति के तहत साल 2000 में कोका-कोला ने गोल्ड स्पॉट को बाजार से हटाने का निर्णय किया। चूंकि गोल्ड स्पॉट और फैंटा दोनों एक ही ऑरेंज फ्लेवर कैटेगरी में आते थे, इसलिए कंपनी ने फैंटा को आगे बढ़ाने के लिए गोल्ड स्पॉट को बंद कर दिया। इस फैसले के बाद यह ड्रिंक दुकानों से तो गायब हो गया, लेकिन पुराने ग्राहकों की यादों में हमेशा बना रहा।

एमएस धोनी के साथ वायरल तस्वीरों से बढ़ी चर्चा

गोल्ड स्पॉट की वापसी की खबरों के बीच पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और उनकी पत्नी साक्षी की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। इन तस्वीरों में दोनों गोल्ड स्पॉट के कैन हाथ में पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि कंपनी इस ब्रांड की नई शुरुआत के लिए एमएस धोनी को इसका चेहरा बना सकती है।

बाजार का गणित और ब्रांड की वापसी

कोका-कोला द्वारा गोल्ड स्पॉट की अलग से होने वाली कमाई के आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए जाते हैं। 1993 में 4 करोड़ डॉलर के सौदे के तहत खरीदे गए और साल 2000 में बंद किए गए इस ब्रांड को अब 26 साल बाद कम चीनी वाले फॉर्मूले और कैन पैकेजिंग में वापस लाया गया है। वर्तमान में भारत का कुल सॉफ्ट ड्रिंक बाजार करीब 60 हजार करोड़ रुपये का हो चुका है, जबकि इस क्षेत्र में प्रतिस्पर्धी ब्रांड कैंपा (Campa) की बिक्री वित्त वर्ष 2026 (FY26) में 4,700 करोड़ रुपये से अधिक दर्ज की गई है।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story