त्योहारों के इस फेस्टिव सीजन के बीच हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन आज, शुरुआती कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर शुरुआती कारोबार में सोना 300 रुपये से ज्यादा महंगा हो गया है, जबकि चांदी की कीमत में 1,400 रुपये से अधिक की बढ़त देखने को मिली है। हालांकि, इसके विपरीत एशियाई कारोबार की शुरुआत में सोने की कीमतों में मामूली गिरावट भी दर्ज की गई है। इससे ठीक पहले के सत्र में सोने की कीमत में 1% से ज्यादा का उछाल आया था, क्योंकि मार्केट पार्टिसिपेंट्स अमेरिकी फेडरल रिजर्व की भविष्य की नीतिगत दिशा का अंदाजा लगाने का प्रयास कर रहे हैं।

एमसीएक्स (MCX) पर सोने और चांदी का हाल

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 4 दिसंबर की डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,47,489 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था, जो आज बढ़कर 1,47,781 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 307 रुपये की तेजी के साथ 1,47,796 रुपये के स्तर तक पहुंच गया। इसी प्रकार, 4 दिसंबर की डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,10,660 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी। आज यह 2,11,792 रुपये पर खुली और शुरुआती कारोबार में 1,440 रुपये की तेजी के साथ 2,12,100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई।

फिजिकल मार्केट में सोने-चांदी के दाम

वायदा बाजार के विपरीत, फिजिकल मार्केट में सोने और चांदी की कीमतों में मामूली गिरावट आई है। 'गुड रिटर्न्स' के आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट वाला सोना 10 रुपये की गिरावट के साथ 1,47,430 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। इसी तरह, 22 कैरेट गोल्ड भी 10 रुपये की नरमी के साथ 1,35,140 रुपये पर आ गया है, जबकि 18 कैरेट गोल्ड 10 रुपये फिसलकर 110,570 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। इसके अलावा, फिजिकल मार्केट में चांदी की कीमत 100 रुपये की गिरावट के साथ 220,900 रुपये पर आ गई है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों की स्थिति

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सोने की कीमत में गिरावट देखने को मिली है। स्पॉट गोल्ड 0.4% गिरकर 4,152.99 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है। इससे पहले के सत्र में डॉलर के कमजोर होने और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में गिरावट के चलते सोने की कीमतों में तेजी आई थी। वहीं, दिसंबर डिलीवरी के लिए अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 0.1% बढ़कर 4,173.90 डॉलर पर पहुंच गया है, जबकि स्पॉट सिल्वर 0.6% गिरकर 57.09 डॉलर प्रति औंस पर आ गई है।

पिछले सत्र में राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार का हाल

रुपये में मजबूती और हाजिर मांग कमजोर रहने के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने की कीमतों में लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज की गई थी। स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, 99.9% शुद्धता वाले सोने का भाव सभी करों सहित 900 रुपये घटकर 1,49,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया था, जबकि इससे पहले बुधवार को सोना 1,50,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इसके साथ ही, चांदी की कीमतों में भी लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही थी और इसका भाव पिछले बंद स्तर 2.21 लाख रुपये प्रति किलोग्राम से 6,000 रुपये घटकर 2.15 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गया था। ये सभी कीमतें कर सहित हैं।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story