नई दिल्ली, जुलाई 2026: क्रूड ऑइल में कारोबार करने वाले ट्रेडर्स का भरोसा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते एनएसई के क्रूड ऑइल ऑप्शंस में कारोबार, प्रीमियम और ओपन इंटरेस्ट ने अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड दर्ज किया है।

9 जुलाई, 2026 को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के क्रूड ऑइल ऑप्शंस में 2,006.49 करोड़ रुपए का प्रीमियम कारोबार हुआ, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसी दिन 47,33,862 कॉन्ट्रैक्ट्स में ट्रेडिंग हुई, जबकि ओपन इंटरेस्ट पहली बार 1,14,000 से अधिक कॉन्ट्रैक्ट्स तक पहुंच गया।

एनएसई ने बाजार से मिले सुझावों के आधार पर 6 नवंबर, 2025 से क्रूड ऑइल ऑप्शंस की एक्सपायरी में बदलाव किया था। इससे पहले क्रूड ऑइल ऑप्शंस की एक्सपायरी फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट से दो कारोबारी दिन पहले होती थी, जिसे बदलकर सात कारोबारी दिन पहले कर दिया गया। इस बदलाव के बाद ट्रेडर्स को अपनी रणनीति तैयार करने और जोखिम प्रबंधन के लिए अधिक समय मिलने लगा, जिसके बाद से कारोबार में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है।

इससे पहले 9 जून, 2026 को भी एक्सपायरी वाले दिन क्रूड ऑइल ऑप्शंस में 28,64,618 कॉन्ट्रैक्ट्स की ट्रेडिंग हुई थी। उस दिन प्रीमियम कारोबार 1,239.10 करोड़ रुपए दर्ज किया गया था, जबकि क्रूड ऑइल फ्यूचर्स में 378.32 करोड़ रुपए का रिकॉर्ड कारोबार हुआ था।

एनएसई का कहना है कि वह बाजार से मिले सुझावों के आधार पर अपने प्रोडक्ट्स में लगातार सुधार करता रहेगा, ताकि निवेशकों और ट्रेडर्स को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और कमोडिटी बाजार में कारोबार को और मजबूती मिले।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story