समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड अंतर्गत सालेपुर पंचायत में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से 15 सितंबर 2026, मंगलवार को पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर पैक्स गोदाम सालेपुर, ग्राम मूसेपुर में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेगा। इसमें आम नागरिकों को अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा।

बीडीओ विवेक रंजन ने बताया कि सरकार के सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना के पत्रांक 13989 दिनांक 01.08.2026 एवं जिला पदाधिकारी, समस्तीपुर के आदेश ज्ञापांक 4065/सी.जी., समस्तीपुर, दिनांक 20.08.2026 के आलोक में चक्रानुसार पुनः सहयोग शिविर का आयोजन माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को किया जाता रहेगा।

बीडीओ विवेक रंजन ने बताया कि द्वितीय चरण का रोस्टर निर्गत होने के बाद सालेपुर पंचायत में सहयोग शिविर के आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गई है। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहेंगे। वे सरकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों का निष्पादन, आवेदन प्राप्त करने, आवश्यक मार्गदर्शन देने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में कार्रवाई करेंगे।

उन्होंने सालेपुर पंचायत के आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याएं, शिकायतें तथा सुझाव प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

प्रशासन का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का मौके पर ही यथासंभव निराकरण करना है। सहयोग शिविर को लेकर पंचायत में आवश्यक तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story