बिहार में नीतीश कुमार का इस्तीफा; सम्राट चौधरी बन सकते हैं नए मुख्यमंत्री।जानें पटना में सत्ता परिवर्तन की अब तक की पूरी अपडेट।

who is the new CM of Bihar : बिहार की सियासत में आज एक ऐतिहासिक और भावुक अध्याय का अंत हो गया है। राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने अपनी अंतिम कैबिनेट बैठक के बाद पद से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री आवास से लेकर राजभवन तक बढ़ी हलचल इस बात की गवाह है कि बिहार अब एक नए राजनीतिक नेतृत्व की ओर कदम बढ़ा चुका है। मंगलवार को सचिवालय में आयोजित कैबिनेट की आखिरी बैठक में नीतीश कुमार ने अपने 20 वर्षों के कार्यकाल के अनुभवों को साझा करते हुए नई सरकार को अग्रिम बधाई दी। बैठक के दौरान माहौल उस वक्त भावुक हो गया जब नीतीश कुमार ने मंत्रियों और जनता के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। कैबिनेट ने औपचारिक रूप से भंग होने की सिफारिश कर दी है और दोपहर बाद नीतीश कुमार राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप देंगे।

इस सत्ता परिवर्तन के साथ ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर चल रहा सस्पेंस अब लगभग खत्म हो चुका है। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे है। बीजेपी आलाकमान ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक नियुक्त कर पटना भेजा है, जो विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नए नेता के नाम पर मुहर लगवाएंगे। हालांकि जेडीयू के भीतर से निशांत कुमार को नेतृत्व सौंपने की मांग उठी थी, लेकिन गठबंधन की नई शर्तों के अनुसार मुख्यमंत्री का पद बीजेपी के खाते में जाना तय माना जा रहा है। सत्ता के इस नए समीकरण में गृह विभाग पर भी बीजेपी का कब्जा होगा, जबकि विधानसभा स्पीकर पद को लेकर दोनों दलों के बीच सुलह के रास्ते तलाशे जा रहे हैं।


राजनीतिक गलियारों में नीतीश कुमार के इस फैसले को उनके राज्यसभा जाने के संदर्भ में देखा जा रहा है। जेडीयू नेता संजय झा ने इसे बिहार के 14 करोड़ लोगों के लिए एक भावुक पल बताते हुए कहा कि नीतीश जी ने बिहार को वह मान-सम्मान दिलाया जिससे पहले लोग 'बिहारी' कहने में शर्म महसूस करते थे। वहीं, विपक्षी खेमे से तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। आरजेडी और सपा के नेताओं ने इसे बीजेपी की साजिश करार देते हुए कहा कि यह जनादेश के साथ विश्वासघात है। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद नीतीश कुमार अब राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय होंगे, जहां संजय राउत जैसे नेताओं ने दिल्ली में उनका स्वागत किया है।


अब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. लोकभवन जाकर उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा. बीजेपी से सीएम और जेडीयू से दो डिप्टी सीएम बन सकते हैं. उन्होंने पोस्ट में कहा की, आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एन०डी०ए० सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है। हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है।'


आगे उन्होंने कहा, इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है। अगले पाँच वर्षों यानि 2025 से 2030 के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है। इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा। बिहार के विकास में केन्द्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का नमन करते हैं। बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जाएगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा। हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है। इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है। हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे और इसलिए आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद माननीय राज्यपाल से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंप दिया। अब नई सरकार यहाँ का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा तथा बिहार बहुत आगे बढ़ेगा।'


कैबिनेट की आखिरी बैठक के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बैठक में शामिल हुए सम्राट चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मंत्रिपरिषद के साथियों और अधिकारियों का अभिवादन करते हुए सुशासन, विकास और जनसेवा के साझा संकल्प को दोहराया। इसी बीच, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान नीतीश कुमार से मुलाकात करने मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने नीतीश कुमार के 20 वर्षों के कार्यकाल को बिहार के लिए 'विश्वास की राह' बताते हुए कहा कि भले ही आज एक पद का अध्याय पूरा हो रहा है, लेकिन उनका मार्गदर्शन भविष्य में भी बिहार की दिशा तय करता रहेगा। वर्तमान में, मुख्यमंत्री आवास से लेकर राजभवन तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम और बैरिकेडिंग कर दी गई है, क्योंकि नीतीश कुमार कुछ ही देर में राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपने वाले हैं।

Updated On 14 April 2026 3:51 PM IST
Ashiti Joil

Ashiti Joil

यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।

Next Story