औरंगाबाद जिले से गुजरने वाले एनएच-139 को फोरलेन बनाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्रा ने पथ निर्माण मंत्री से मुलाकात कर इस महत्वपूर्ण परियोजना पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान औरंगाबाद जिले के अन्य विधायक भी मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार, भोजनावकाश के दौरान डॉ. प्रकाश चंद्रा ने पथ निर्माण मंत्री के समक्ष एनएच-139 को फोरलेन में परिवर्तित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इससे पहले उन्होंने पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज पाल से दूरभाष पर बातचीत कर परियोजना से जुड़ी तकनीकी बाधाओं पर भी विस्तार से चर्चा की थी।

विधायक ने बताया कि फोरलेन निर्माण कार्य में भूमि अधिग्रहण, डीपीआर और डिजाइन से संबंधित कुछ तकनीकी चुनौतियां सामने हैं। इस पर पथ निर्माण मंत्री और विभागीय सचिव ने इन सभी बाधाओं का शीघ्र समाधान कर फोरलेन निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

डॉ. प्रकाश चंद्रा ने कहा कि उनका उद्देश्य एनएच-139 को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक सड़क के रूप में विकसित कराना है। उन्होंने कहा कि यह सड़क केवल औरंगाबाद जिले ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के लिए भी आवागमन की लाइफलाइन है। बढ़ते यातायात, जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति को देखते हुए इसका फोरलेन निर्माण बेहद आवश्यक है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि फोरलेन निर्माण कार्य शुरू होने तक इस मुद्दे को विभागीय स्तर पर लगातार उठाया जाएगा। साथ ही क्षेत्र के लोगों से सहयोग और विश्वास बनाए रखने की अपील भी की।

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि मंत्री की ओर से मिले आश्वासन के बाद एनएच-139 के फोरलेन निर्माण का कार्य जल्द शुरू होगा, जिससे जिले में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story