नीट पेपर लीक मामले में औरंगाबाद अलर्ट, प्रदर्शन की आशंका पर चौक-चौराहों पर भारी पुलिस तैनाती
नीट पेपर लीक मामले के बाद औरंगाबाद में प्रशासन अलर्ट, प्रदर्शन की आशंका पर पुलिस तैनाती और सोशल मीडिया निगरानी बढ़ाई गई।

तस्वीर में औरंगाबाद में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते पुलिसकर्मी और मौजूद स्थानीय नागरिक।
नीट पेपर लीक मामले को लेकर संभावित छात्रों के प्रदर्शन की आशंका के बीच औरंगाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। किसी भी अप्रिय घटना और कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। जिला मुख्यालय के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।
प्रशासन के अनुसार, फिलहाल जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। पुलिस पदाधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं और आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिला मुख्यालय के रमेश चौक, समाहरणालय परिसर, धर्मशाला चौक, ओवरब्रिज, महाराजगंज रोड सहित शहर के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पुलिस की गश्ती टीम लगातार शहर का भ्रमण कर रही है और प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बंद के दौरान जबरन दुकानें बंद कराने, सड़क जाम करने, अफवाह फैलाने या सरकारी एवं सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले के सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और अतिरिक्त पुलिस बल को हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप सहित अन्य माध्यमों पर भ्रामक, अफवाह फैलाने वाली या किसी भी वर्ग को भड़काने वाली पोस्ट करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें और बिना सत्यापन के ऐसी सूचनाओं को साझा करने से बचें। प्रशासन ने लोगों से संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा के नेतृत्व में पुलिस टीम हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
