Bihar Election Phase 2 : बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के बीच मंगलवार को पूरे राज्य में उत्साह और सख्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ लोकतंत्र का उत्सव जारी है। इस बीच कुछ जिलों से छिटपुट घटनाओं की खबरें आईं जहानाबाद में बूथ के बाहर मारपीट, नवादा में गाड़ी क्षतिग्रस्त होने के बाद झड़प, जबकि नक्सल प्रभावित जमुई के चोरमारा गांव में 25 साल बाद पहली बार मतदान केंद्र स्थापित हुआ, जिसने पूरे इलाके में नई ऊर्जा भर दी।

राज्य के डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि बिहार फिलहाल संवेदनशील स्थिति में है, लेकिन हर जिले में सघन चेकिंग और सख्त निगरानी की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि “दिल्ली की घटना के बाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट है, और आज का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न होगा।” मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी अचानक जेडीयू दफ्तर पहुंचे और मतदान की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पार्टी नेताओं और सांसदों से बूथ-स्तर की रिपोर्ट ली।

जहानाबाद जिले के घोसी विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर-220 पर दो गुटों में भिड़ंत हो गई। मतदान केंद्र के बाहर हुई इस मारपीट में दो लोग घायल हुए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और दो लोगों को हिरासत में लिया। मतदान केंद्र को अतिरिक्त सुरक्षा बलों से घेरकर छावनी में बदल दिया गया है।

वहीं नवादा जिले के वारिसलीगंज विधानसभा क्षेत्र में सुबह करीब 9:30 बजे एक वाहन क्षतिग्रस्त होने के बाद तनाव की स्थिति बनी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया। जांच में पाया गया कि घटना किसी चुनावी बाधा से जुड़ी नहीं थी और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक जारी है।

दूसरी ओर, जमुई जिले के बरहट प्रखंड के नक्सल प्रभावित चोरमारा गांव में 25 साल बाद पहली बार पोलिंग बूथ लगाया गया। गांव के लोगों के चेहरों पर मतदान का उत्साह साफ झलक रहा था। मतदान कर्मी बच्चों को गुब्बारे देकर खुश कर रहे थे यह दृश्य नक्सल आतंक से मुक्त हुए इलाके में लोकतंत्र की जीत का प्रतीक बन गया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि दोपहर 1 बजे तक कुल 47.62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि “लोग बड़े उत्साह से लोकतंत्र के इस पर्व में भाग ले रहे हैं, और जिन लोगों ने अभी तक मतदान नहीं किया है, वे शाम 5 या 6 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं।”

बिहार में 18वीं विधानसभा के गठन के लिए यह दूसरा और निर्णायक चरण है। राज्य के 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान जारी है। एनडीए और महागठबंधन के बीच मुकाबला इस बार बेहद कड़ा है। दोनों गठबंधनों के कई बड़े नेताओं की साख दांव पर है।

इस चरण में एनडीए की ओर से भाजपा, जदयू, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा मैदान में हैं, जबकि महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, विकासशील इंसान पार्टी और वाम दलों की साझा ताकत उतर चुकी है।

दूसरे चरण की वोटिंग उन 122 सीटों पर हो रही है जिनमें गोविंदगंज, जोकीहाट, रूपौली, धमदाहा, कदवा, कहलगांव, सुल्तानगंज, रामगढ़, दिनारा, नबीनगर, इमामगंज, बाराचट्टी, नवादा और चकई जैसी सीटें सबसे चर्चित हैं। ये सीटें राज्य की सियासी दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।

पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को संपन्न हुआ था, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि किस गठबंधन की रणनीति सफल साबित होगी — एनडीए या महागठबंधन। बिहार की जनता ने एक बार फिर लोकतंत्र में अपनी आस्था जताई है, और अब निर्णय मतपेटियों में कैद हो गया है।

Ashiti Joil

Ashiti Joil

यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।

Next Story