Bihar Election 2025: वोटिंग के बीच मचा बवाल; मंत्री और समर्थकों को लिया हिरासत में
Bihar Election 2025 : बिहार चुनाव के पहले चरण में सियासी संग्राम चरम पर! 18 जिलों की 121 सीटों पर 1314 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद होने लगी है। सुरक्षा के कड़े इंतज़ामों के बीच वोटिंग जारी है कुछ इलाकों में तनाव, तो कई जगहों पर मतदाताओं में जबरदस्त जोश!

Bihar Election 2025 : बिहार की सियासत आज फिर अपने सबसे अहम मोड़ पर है। 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह 7 बजे से पहले चरण का मतदान शुरू हो गया है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही उत्साह देखने को मिला कहीं मतदाता कतारों में खड़े हैं तो कहीं अधिकारी मॉक पोलिंग के जरिए ईवीएम की जांच में जुटे हैं। लखीसराय के दुर्गा बालिका उच्च विद्यालय में बूथ संख्या 223, 224, 225 और 232 पर मतदान शुरू होने से पहले मॉक पोलिंग की गई, वहीं वैशाली के महुआ और पटना के अदालतगंज स्थित बालक माध्यमिक विद्यालय में भी तैयारी पूरी कर ली गई।
राज्य के इस पहले चरण में कुल तीन करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें तीन लाख से ज्यादा दिव्यांग मतदाता और छह हजार से अधिक शतायु मतदाता शामिल हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, 11 बजे तक लगभग 27.65 फीसदी वोटिंग दर्ज की जा चुकी थी।
लखीसराय, वैशाली, सहरसा और पटना जैसे जिलों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर भीड़ उमड़ने लगी थी। सहरसा बस्ती के उर्दू कन्या प्राथमिक विद्यालय में बूथ संख्या 259, 262 और 264 पर लंबी कतारें दिखाई दीं। हालांकि मधेपुरा में कुछ देर के लिए ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी आने से मतदान रुका, जिसे बाद में दुरुस्त कर वोटिंग दोबारा शुरू कर दी गई।
राजनीतिक गलियारों में आज सुबह से ही हलचल तेज है। बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मतदान करने पहुंचे। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय में मतदान किया, जबकि उनके साथी और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तारापुर से वोट डाला। बांकीपुर से भाजपा प्रत्याशी नितिन नवीन ने भी मतदान के बाद लोगों से “पहले मतदान, फिर जलपान” की अपील की। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने महिलाओं और युवाओं से घरों से निकलकर वोट देने का आग्रह किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर संदेश साझा कर कहा कि लोकतंत्र के इस उत्सव में युवा साथी बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
वोटिंग के बीच नेताओं के बयान भी सुर्खियों में हैं। भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि “आज लोकतंत्र का पर्व है और जंगलराज वालों को हर पांच साल में धुलाई मिलनी चाहिए।” वहीं लालू प्रसाद यादव ने एक्स पर लिखा, “तवा से रोटी पलटती रहनी चाहिए नहीं तो जल जाएगी, अब बदलाव का वक्त है।” तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव दोनों अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं से संपर्क में हैं। तेज प्रताप ने कहा कि “जनता मालिक है, वही तय करेगी कौन मुख्यमंत्री बनेगा।”
सीवान से आरजेडी उम्मीदवार ओसामा शहाब को लेकर भी माहौल गर्म है। शहाबुद्दीन के बड़े भाई गयासुद्दीन ने दावा किया कि “ओसामा अपने पिता की तरह विकास करेंगे।” वहीं हिना शहाब ने कहा कि “रघुनाथपुर हॉट सीट नहीं है, बस एक सामान्य सीट है, लेकिन जनता का समर्थन हमारे साथ है।”
अलीनगर सीट से भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने मतदान के दौरान कहा, “मतदाताओं का जो प्यार और समर्थन मिल रहा है, उससे पहले ही जीत का एहसास हो रहा है।” इसी बीच पटना, नालंदा, बेगूसराय और मुंगेर जैसे जिलों में कई वीआईपी सीटों पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।
पहले चरण के मतदान में तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, रामकृपाल यादव, मैथिली ठाकुर, वीणा देवी और तेज प्रताप यादव समेत कई दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में बंद हो चुकी है। इस चुनाव में एनडीए और महागठबंधन के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। भाजपा-जदयू गठबंधन के साथ हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा और लोजपा (रामविलास) मैदान में है, जबकि आरजेडी, कांग्रेस, वीआईपी और वाम दल मिलकर महागठबंधन की ओर से मुकाबला कर रहे हैं।
चुनाव के बीच माहौल गर्म करने में प्रधानमंत्री मोदी की अररिया रैली ने भी बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, “1990 से 2005 तक बिहार में जंगलराज रहा, जिसने राज्य को बर्बाद कर दिया। उस दौर में न एक्सप्रेसवे बने, न उद्योग पनपे। अब बिहार को विकास की राह से भटकने नहीं देना है।”
पहले चरण का मतदान बिहार की राजनीति के लिए एक बड़ी परीक्षा है। न सिर्फ नेताओं के लिए, बल्कि जनता के विश्वास की भी। भीषण राजनीतिक प्रचार के बाद अब जनता के हाथ में फैसला है कि बिहार को किस दिशा में ले जाना है। शाम होते-होते जब वोटिंग प्रतिशत और रुझान सामने आएंगे, तब साफ होगा कि इस चुनावी संग्राम में किसका पलड़ा भारी है सत्ता में बैठे एनडीए का या सत्ता की राह तलाश रहे महागठबंधन का।
- Bihar Vidhan Sabha ChunavBihar Election 2025BIHAR NEWSBihar Asembly Election 2025राहुल गांधीभारतीय जनता पार्टीहरियाणा विधानसभा चुनावBJPRahul GandhiEciBreaking NewsPratahkal NewsINDIACONGRESSदिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंसकांग्रेस सांसदहरियाणा न्यूजHaryana NewsHaryana Elections NewsHaryana इलेक्शन न्यूजHaryana Electionनायब सैनीप्रातःकाल न्यूज़Pratahkal DailyMumbaiMaharashtraमहाराष्ट्रBihar Assembly Election 2025बिहार चुनावBihar ElectionBihar Election NewsElection NewsBihar Assembly ElectionBihar Assembly Election NewsBiharबिहारबिहार विधनसभा चुनाववोट चोरीVote Chori

Ashiti Joil
यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।
