दहेज में फॉर्च्यूनर कार की मांग का आरोप, विवाहिता की मौत के बाद खेत में मिला शव
औरंगाबाद के रफीगंज में 28 वर्षीय विवाहिता वर्षा कुमारी की संदिग्ध मौत के बाद शव धान के खेत की मेड़ पर मिला। मायकेवालों ने फॉर्च्यूनर कार की मांग को लेकर हत्या का आरोप लगाया है।

तस्वीर में औरंगाबाद के रफीगंज स्थित घटनास्थल पर खड़े ग्रामीण और पुलिस जांच के दौरान मौजूद लोग नजर आ रहे हैं, साथ ही inset में मृतका वर्षा कुमारी की तस्वीर दिखाई गई है.
औरंगाबाद के रफीगंज शहर स्थित डीहवार स्थान के वार्ड नंबर सात में शनिवार की शाम संदिग्ध परिस्थिति में 28 वर्षीय विवाहिता वर्षा कुमारी उर्फ नेहा की मौत हो गई। रविवार की सुबह उसका शव दनई गांव के समीप धान के खेत की मेड़ पर मिला। मायकेवालों ने ससुरालवालों पर दहेज में फॉर्च्यूनर कार नहीं मिलने के कारण विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने और शव को खेत में फेंककर फरार होने का आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान रफीगंज प्रखंड के बौर पंचायत अंतर्गत दनई गांव निवासी आशुतोष कुमार सोलंकी उर्फ सोनू सिंह की पत्नी वर्षा कुमारी उर्फ नेहा के रूप में हुई है। वर्षा का मायका मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रभान बिगहा गांव में है।
सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के भाई मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रभान बिगहा गांव निवासी रामकुमार सिंह के पुत्र नर्वदा कुमार ने बताया कि करीब छह वर्ष पूर्व वर्षा की शादी हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार दनई गांव निवासी आशुतोष कुमार सोलंकी के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय तक दोनों के बीच सबकुछ ठीक रहा। करीब एक वर्ष बाद ससुरालवालों ने दहेज में फॉर्च्यूनर कार की मांग शुरू कर दी।
नर्वदा कुमार के अनुसार, मायके की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजन ससुरालवालों की मांग पूरी नहीं कर सके। इसके बाद वर्षा को प्रताड़ित करने और उसके साथ मारपीट करने का आरोप ससुरालवालों पर लगाया गया। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार समझौता भी हुआ, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
नर्वदा कुमार ने बताया कि शनिवार को भी वर्षा के साथ मारपीट किए जाने की सूचना मिली थी। शनिवार की शाम उसके पति ने फोन कर बताया कि वर्षा की मौत हो गई है और उसके शव को दाह-संस्कार के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद परिजन रफीगंज थाना पुलिस से संपर्क कर डीहवार स्थान स्थित वर्षा के आवास पर पहुंचे। वहां शव नहीं मिला और ससुराल के सभी लोग फरार थे।
इसके बाद परिजन दनई गांव पहुंचे, लेकिन वहां भी कोई नहीं मिला और शव का कहीं पता नहीं चला। पूरी रात खोजबीन के बाद रविवार की सुबह दनई गांव के समीप धान के खेत की मेड़ पर वर्षा का शव मिला।
सूचना मिलने पर रफीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। आवश्यक पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
