औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र में सोमवार को वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से एक 60 वर्षीय अज्ञात वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सोननगर रेलवे स्टेशन के पास पोल संख्या 550/13 और 550/14 के बीच हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेन की टक्कर से वृद्ध ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों और ट्रैक पर काम कर रहे मजदूरों के अनुसार, बुजुर्ग रेलवे लाइन के किनारे पैदल चल रहा था। इसी दौरान डेहरी से गया की ओर जा रही वंदे भारत ट्रेन वहां से गुजरी और वह उसकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही बारुण थाना पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। उसकी शिनाख्त के लिए तस्वीर आसपास के थानों, स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही है।

थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को 72 घंटे तक थाना परिसर में सुरक्षित रखा जाएगा। यदि इस दौरान कोई परिजन शिनाख्त करता है तो शव उसे सौंप दिया जाएगा, अन्यथा सरकारी नियमों के तहत अंतिम संस्कार कराया जाएगा। पुलिस ने अपील की है कि जिन लोगों के परिजन लापता हैं और इस संबंध में कोई जानकारी हो, वे तत्काल बारुण थाना से संपर्क करें। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story