औरंगाबाद जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बुधवार रात विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया। इस दौरान कुल 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 15 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, दुष्कर्म के मामलों में दो, हत्या के शीर्ष में तीन, आर्म्स एक्ट में एक, दहेज हत्या में एक, हत्या के प्रयास में एक, मद्य निषेध अधिनियम के तहत सात तथा अन्य मामलों में 24 लोगों की गिरफ्तारी की गई।

कार्रवाई के दौरान दो देसी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, 100 सीएफटी बालू और एक ट्रैक्टर जब्त किया गया। इसके अलावा वाहन जांच अभियान भी चलाया गया, जिसमें 1017 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान 96500 रुपये शमन की राशि वसूल की गई।

पुलिस ने 69 वारंट का भी निष्पादन किया है। वहीं, साइबर पुलिस द्वारा 27979 रुपये रिकवर किए गए हैं। पुलिस पदाधिकारी उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के साथ-साथ अन्य अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।

उपेंद्र नाथ वर्मा ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story