औरंगाबाद: जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए औरंगाबाद पुलिस का सघन अभियान जारी है। इसी क्रम में सोमवार की रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में 49 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 25 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में एसटी-एससी एक्ट के तहत दो, पुलिस पर हमला मामले में एक, बलात्कार के मामले में एक, हत्या के प्रयास के मामलों में छह, मद्य निषेध अधिनियम के तहत सात तथा अन्य मामलों में 32 लोग शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान 50.50 लीटर देसी शराब एवं तीन लीटर विदेशी शराब भी बरामद की गई।

अपराध नियंत्रण अभियान के साथ पुलिस ने वाहन जांच अभियान भी चलाया। इस दौरान 1053 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 43000 रुपये शमन की राशि वसूल की गई। इसके अलावा पुलिस ने 121 वारंट एवं दो कुर्की का निष्पादन किया।

पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के साथ-साथ अन्य अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय के साथ कार्रवाई की जा सके।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story