औरंगाबाद के मदनपुर के सलैया थाना क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। दोनों के शव करीब 24 घंटे बाद बरामद किए गए। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

पहली घटना पिरवां पंचायत के मुर्गी बिगहा की है। यहां घर से महज 50 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे बह रहे नाले में चार वर्षीय बच्चा खेलते-खेलते गिर गया। नाले में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने बच्चे की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसी क्रम में तेतरिया बड़का आहर चहका के समीप उसका शव बरामद किया गया।

मृतक की पहचान मुर्गी बिगहा निवासी चंदन दास के इकलौते पुत्र चार वर्षीय रिशु कुमार के रूप में हुई है। इकलौते बेटे की मौत से मां ममता देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं, दूसरी घटना कठौतिया आहार में हुई, जहां 12 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कठौतिया गांव निवासी धर्मजीत यादव के पुत्र चंदन कुमार के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, चंदन कुमार पहाड़ की ओर गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह आहर में गिर पड़ा और डूबने से उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों ने चंदन कुमार की काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसी क्रम में उसका शव पथलौटिया आहर से बरामद किया गया। मृतक कठौतिया निवासी धर्मजीत यादव का सबसे छोटा बेटा था। वह सात भाई-बहनों में सबसे छोटा था। घटना के बाद से मृतक की मां संगीता देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलने पर पिरवां पंचायत के मुखिया जनेश्वर यादव, सलैया पंचायत के मुखिया मनोज कुमार चौधरी एवं राजद नेता अवधेश यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घटनाओं पर दुख जताते हुए जिला प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की। दोनों बच्चों के शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story