औरंगाबाद में विद्युत करंट की चपेट में आने से 12 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। हादसा दाउदनगर थाना क्षेत्र के तरार गांव के हरी नगर वार्ड संख्या 12 में हुआ। मृतका की पहचान गांव निवासी स्व. संजय भुइया की 12 वर्षीय पुत्री सुमित्रा कुमारी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सुमित्रा अपने घर के पास ही खेल रही थी। इसी दौरान वह घर के पास स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर के संपर्क में आ गई। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गई और उसकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उसका बड़ा भाई दिव्यांग है। मृतका का परिवार अत्यंत गरीब है। उसकी मां किसी तरह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मृतका के आश्रितों के लिए उचित मुआवजे की मांग की है।

थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि विद्युत ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से एक किशोरी की मौत हुई है। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद परिवार में मातम है और स्थानीय लोगों ने मृतका के आश्रितों के लिए जिला प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story