औरंगाबाद में डेंगू और चिकनगुनिया की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर बुधवार को जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में हुई, जिसमें बीमारी की रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने, विभागवार जिम्मेदारियां तय करने और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने "डेंगू मुक्त औरंगाबाद" के लक्ष्य को जनभागीदारी के माध्यम से हासिल करने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया। उन्होंने डेंगू और चिकनगुनिया के नियंत्रण के लिए जमीनी स्तर पर लगातार निगरानी और आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।

इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद एवं नगर पंचायतों को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, जलजमाव वाले स्थानों की तत्काल पहचान कर पानी निकासी कराने, टायर, कबाड़, निर्माण स्थलों एवं खाली भूखंडों में पानी जमा नहीं होने देने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही आवश्यकता के अनुसार फॉगिंग और एंटी-लार्वा गतिविधियां संचालित करने तथा बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने को कहा गया।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी विद्यालयों में डेंगू जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने, प्रत्येक शनिवार को "ड्राई डे" मनाने, विद्यालय परिसर में जलजमाव नहीं होने देने और छात्रों के माध्यम से घर-घर डेंगू से बचाव का संदेश पहुंचाने का निर्देश दिया गया।

वहीं जिला पंचायती राज पदाधिकारी को ग्राम पंचायत स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने, ग्राम सभाओं में डेंगू जागरूकता को शामिल करने तथा वार्ड सदस्यों और मुखिया के माध्यम से जलजमाव हटाने एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जीविका समूहों, आईसीडीएस और आंगनबाड़ी सेवाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को समाचार पत्र, सोशल मीडिया और एलईडी स्क्रीन के माध्यम से डेंगू से बचाव संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

डेंगू और चिकनगुनिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ रोकथाम अभियान को प्रभावी बनाने और जनभागीदारी के माध्यम से "डेंगू मुक्त औरंगाबाद" के लक्ष्य की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story