औरंगाबाद के एनएच-19 ढाबे में कर्मी की संदिग्ध मौत, बेटे-दामाद ने हत्या का आरोप लगाकर जांच की मांग
औरंगाबाद के बारुण थाना क्षेत्र में एनएच-19 स्थित ढाबे पर कार्यरत दलबीर सिंह की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर जांच की मांग की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

तस्वीर में (बाएं से दाएं) अस्पताल परिसर के भीतर सुरक्षाकर्मी और पुलिस बल के साथ अन्य लोग जांच प्रक्रिया के दौरान मौजूद दिखाई दे रहे हैं।
औरंगाबाद के बारुण थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित एक ढाबे में संदिग्ध परिस्थितियों में कार्यरत एक कर्मी की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ राज्य के रायगढ़ जिले के पूंजी पत्रा थाना क्षेत्र के गेरवानी गांव निवासी 48 वर्षीय दलबीर सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने मौत पर संदेह जताते हुए हत्या का आरोप लगाया है और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शुक्रवार के पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के पुत्र राजेंद्र सिंह और दामाद दीपक ने बताया कि गुरुवार की शाम ढाबा मालिक राजवीर ने उन्हें सूचना दी थी कि दलबीर सिंह की अचानक तबीयत खराब हो गई है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, घटना संदिग्ध प्रतीत होने पर उसी समय बारुण थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
मृतक के पुत्र ने बताया कि उनके पिता पहले ढाबा मालिक की गाड़ी चलाया करते थे और बाद में होटल में भी काम करने लगे थे। उन्होंने कहा कि उनके पिता को किसी भी प्रकार की बीमारी नहीं थी। ऐसे में अचानक हुई मौत कई सवाल खड़े कर रही है। बेटे और दामाद ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस पदाधिकारी से मामले की गहन जांच कराने की मांग की है।
इस संबंध में बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
