औरंगाबाद जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। चोर न केवल घरों को निशाना बना रहे हैं, बल्कि अब बाजार की दुकानों में भी सेंध लगाकर नकदी और कीमती सामान चोरी कर फरार हो रहे हैं। बुधवार रात अंबा बाजार स्थित एक दुकान में चोरी की वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

घटना अंबा बाजार के सतबहिनी मंदिर के पास की है। पीड़ित दुकानदार महादेव प्रसाद ने बताया कि वह गुरुवार सुबह रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का गल्ला टूटा हुआ मिला। जांच करने पर गल्ले से 15 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान गायब था। दुकान के मुख्य गेट के बगल में थोड़ी सी खाली जगह है। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने उसी रास्ते किसी छोटे बच्चे को दुकान के अंदर भेजा, जिसने भीतर से गल्ला तोड़कर नकदी और सामान बाहर पहुंचा दिया।

घटना की सूचना मिलने पर अंबा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि अभी तक इस मामले में लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सतबहिनी मंदिर के पास देर रात तक चहल-पहल बनी रहती है। मंदिर की सुरक्षा के लिए जिला पुलिस बल के चार जवान भी तैनात हैं। इसके बावजूद मंदिर से महज 100 मीटर की दूरी पर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। अंबा और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय और नाराजगी दोनों बढ़ गई हैं। उनका कहना है कि अब भीड़भाड़ वाले बाजार भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं।

स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि करीब दो महीने पहले मुख्य चौक स्थित पूर्व प्रमुख के घर में चोरों ने लगभग बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। उस मामले का भी पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है। वहीं, एक सप्ताह पहले सिंघपुर गांव में चोरों ने एक ही रात चार घरों को निशाना बनाया था। उन घटनाओं की जांच पूरी भी नहीं हो पाई थी कि अंबा बाजार में फिर चोरी हो गई।

जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी लगातार चोरी की वारदातें सामने आ रही हैं। हाल ही में देव थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव और नगर थाना क्षेत्र के रतनुआ गांव में भी चोरों ने घरों में सेंध लगाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता और पुलिस की चुनौती दोनों बढ़ा दी हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story