मुंबई। देश में आतंकी गतिविधियों को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने केंद्रीय एजेंसियों और राज्य एटीएस के साथ मिलकर एक खतरनाक आईएसआईएस मॉड्यूल का खुलासा किया है। इस अभियान में ठाणे और कल्याण सहित चार राज्यों से कुल पाँच कट्टरपंथी गिरफ्तार किए गए हैं।


पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़ा नेटवर्क

गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 20 से 26 वर्ष के बीच है। जांच एजेंसियों का कहना है कि ये सभी एक पाकिस्तानी हैंडलर के निर्देश पर भारत में खिलाफत-शैली का संगठन खड़ा करने की साजिश रच रहे थे। यह समूह देश में आतंकी हमलों की योजना बना रहा था।



मास्टरमाइंड की पहचान

जांच में सामने आया कि इस मॉड्यूल का मास्टरमाइंड झारखंड के बोकारो का रहने वाला 23 वर्षीय अशहर दानिश है। उसके साथ महाराष्ट्र के कल्याण निवासी 25 वर्षीय आफताब कुरैशी और 20 वर्षीय सुफियान अबू बकर खान, तेलंगाना के निजामाबाद निवासी 20 वर्षीय मोहम्मद हुजैफ यमन और मध्य प्रदेश के राजगढ़ निवासी 26 वर्षीय कामरान कुरैशी उर्फ समर खान भी गिरफ्तार किए गए।



छह महीने तक निगरानी

करीब छह महीने तक केंद्रीय एजेंसियों ने इन संदिग्धों की डिजिटल गतिविधियों पर नजर रखी। दिल्ली पुलिस ने हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से दो आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों में पता चला कि यह मॉड्यूल आईईडी बनाने और हथियारों की तस्करी में शामिल था।


ठाणे और कल्याण में छापेमारी

गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र एटीएस और दिल्ली पुलिस ने ठाणे और कल्याण में छापेमारी की। यहां से डिजिटल उपकरण और कई संदिग्ध सामग्रियां जब्त की गईं। जांच एजेंसियां अब इनके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों का पता लगाने में जुटी हैं।



बड़ी सफलता मानी जा रही है कार्रवाई

अधिकारियों का कहना है कि इन गिरफ्तारियों से देश में संभावित आतंकी गतिविधियों पर रोक लगी है। यह ऑपरेशन सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और समन्वय का बड़ा उदाहरण है। माना जा रहा है कि इस मॉड्यूल से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी आने वाले दिनों में हो सकती है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story