भीलवाड़ा, 24 दिसंबर। अल्पसंख्यक वर्ग के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना के बारे में जागरूकता बढ़ाने हेतु 22 दिसंबर को माणिक्य लाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय, भीलवाड़ा में विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इस अवसर पर छात्रवृति प्रभारी डॉ. बनवारी लाल आर्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यशाला में योजना के तहत पात्र छात्रों को मिलने वाले लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना विशेष रूप से उन अल्पसंख्यक समुदायों (जैन, सिक्ख, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध, पारसी) के छात्रों के लिए है, जो भीलवाड़ा मुख्यालय पर अध्ययन के लिए घर से दूर रहकर कमरे किराए पर लेकर (पेइंग गेस्ट) रहते हैं। योजना के तहत छात्रों को आवास, भोजन, बिजली-पानी जैसी सुविधाओं के लिए प्रतिमाह 2,000 रुपये की पुनर्भरण राशि प्रदान की जाती है, जो अधिकतम 10 माह तक प्रतिवर्ष लाभार्थी को उपलब्ध होगी।

कार्यशाला में विद्यार्थियों को योजना की पात्रता मानदंड, आवेदन प्रक्रिया और एस.एस.ओ. आई.डी. के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। छात्रवृति प्रभारी डॉ. बनवारी लाल आर्य ने उपस्थित छात्रों को आवेदन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण पर मार्गदर्शन दिया और योजना के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस कार्यशाला के माध्यम से न केवल छात्रों को आर्थिक सहायता की जानकारी मिली, बल्कि उनके शैक्षिक विकास के लिए सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली योजनाओं के प्रति जागरूकता भी बढ़ी। इस पहल से अल्पसंख्यक वर्ग के छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहायता और उनके जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story