परिवारों में संस्कारों की स्थापना और सामाजिक मूल्यों को मजबूत बनाने में संतों की भूमिका महत्वपूर्ण है। संतों की प्रेरणा और मार्गदर्शन से ही परिवारों को संस्कारित करने के प्रयासों को व्यापक रूप दिया जा सकता है। यह बात विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री अशोक तिवारी ने आसींद स्थित मालासेरी डूंगरी में आयोजित धर्माचार्य आयाम की प्रांतीय मार्गदर्शक मंडल की बैठक में कही।

भगवान देवनारायण की प्राकट्य स्थली मालासेरी डूंगरी पर आयोजित इस बैठक में राजस्थान के विभिन्न जिलों से संत-महात्माओं और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने भाग लिया। विभाग मंत्री विजय ओझा ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद की ओर से प्रतिवर्ष प्रांतीय मार्गदर्शक मंडल की बैठक आयोजित की जाती है। इसी क्रम में इस वर्ष भी संतों और संगठन के पदाधिकारियों की उपस्थिति में बैठक हुई।

कार्यक्रम में महामंडलेश्वर रामनरेश राम महाराज, महामंडलेश्वर सीताराम महाराज, मालासेरी डूंगरी मंदिर के हेमराज पोसवाल महाराज, केंद्रीय मंत्री अशोक तिवारी, क्षेत्र संगठन मंत्री आनंद कुमार, प्रांत संगठन मंत्री नितिन और प्रांत मंत्री कौशल गौड़ मंचासीन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, रामदरबार और भगवान देवनारायण के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। प्रांत धर्माचार्य संपर्क प्रमुख नरेंद्र भगत ने आचार पद्धति संपन्न करवाई।

केंद्रीय मंत्री अशोक तिवारी ने संतों को संबोधित करते हुए कहा कि परिवारों को संस्कारित करने के लिए संतों की प्रेरणा और मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की पूर्व बैठक में लिए गए प्रस्तावों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों में बढ़ती नशाखोरी, जनसंख्या असंतुलन और परिवारों के विखंडन जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

बैठक में उपस्थित संतों ने अपने आशीर्वचनों के माध्यम से हिंदू धर्म की रक्षा और सामाजिक जागरूकता के लिए व्यापक प्रयास करने का आह्वान किया। इस दौरान नृसिंह गिरी महाराज कुशलगढ़ (बांसवाड़ा), रामदास महाराज लटूरी गौशाला (कोटा), नारायणदास महाराज (उदयपुर), संत दयाराम महाराज, पावनदास महाराज, रामकृष्णदास महाराज (पाटन), रामावतार शास्त्री, महामंडलेश्वर रामनरेश दास महाराज और दशरथ दास महाराज सहित अन्य संतों ने समाज में धर्म एवं संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

क्षेत्र संगठन मंत्री आनंद कुमार ने संगठन की ओर से राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कठोर कानून बनाने के लिए दिए गए प्रस्ताव और उसके पारित होने की जानकारी दी। वहीं, प्रांत मंत्री कौशल गौड़ ने देशभर में संचालित हित चिंतक अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर नए सदस्य बना रहे हैं। यह अभियान 6 दिसंबर तक चलेगा।

सह प्रांत मंत्री सुंदर कटारिया ने संगठन की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने संगठन विस्तार की योजना बताते हुए कहा कि दो-दो विभागों में मार्गदर्शक मंडल की बैठकें आयोजित की जाएंगी।

बैठक का समापन शांति पाठ के साथ हुआ। इस अवसर पर सह प्रांत मंत्री किशन गुर्जर, अजमेर विभाग संगठन मंत्री बनवारी लाल जोशी, सह प्रांत धर्माचार्य संपर्क प्रमुख बसंत लाल चौबीसा एवं मुकेश जोशी, भीलवाड़ा विभाग मंत्री विजय ओझा, आसींद जिला मंत्री अभिषेक सर्वा, सह जिला मंत्री मुकेश तंवर, डॉ. भवानी शंकर शर्मा सहित विभिन्न जिलों के धर्माचार्य संपर्क प्रमुख उपस्थित रहे। बैठक में संतों के मार्गदर्शन, सामाजिक चुनौतियों और संगठनात्मक विस्तार से जुड़े विषयों पर चर्चा के साथ धर्म एवं संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story