भीलवाड़ा: वी क्लब मैत्री की आधिकारिक यात्रा संपन्न, प्रांतीय अध्यक्ष पुष्पा मेहता का हुआ स्वागत
भीलवाड़ा के निजी रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष पुष्पा मेहता ने वी क्लब मैत्री के सेवा कार्यों की सराहना की और पदाधिकारियों को पिन लगाकर सम्मानित किया।

भीलवाड़ा। सेवा और समर्पण के ध्येय को चरितार्थ करते हुए 'दी एसोसिएशन ऑफ़ द वी क्लब ऑफ़ इंडिया 323 ई-2' की प्रांतीय अध्यक्ष वी पुष्पा मेहता की आधिकारिक यात्रा भीलवाड़ा के एक निजी रिसोर्ट में भव्यता के साथ संपन्न हुई। वी क्लब मैत्री संरक्षिका चेतना चपलोत के नेतृत्व में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष व नगर परिषद की पूर्व सभापति वी मंजू पोखरना तथा संजीवनी अध्यक्ष पुष्पा गोखरू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि प्रांतीय अध्यक्ष पुष्पा मेहता एवं प्रांतीय सचिव ममता शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
आयोजन का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन और विश्व शांति हेतु दो मिनट के मौन के साथ हुआ, जिसके पश्चात ध्वजगान एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। अतिथियों के स्वागत की कड़ी में वी क्लब मैत्री की अध्यक्ष सीमा बाफना, साधना भंडारी और पुष्पा पोखरणा ने तिलक लगाकर, शॉल व अपर्णा ओढ़ाकर तथा मनमोहक नृत्य प्रस्तुति के साथ सभी आगंतुकों का अभिनंदन किया। प्रशासनिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए सचिव सुरेखा पीपाड़ा ने वर्ष पर्यंत संचालित किए गए विभिन्न सेवा प्रकल्पों की विस्तृत जानकारी दी, वहीं कोषाध्यक्ष दीपिका पीपाड़ा ने सेवा कार्यों पर हुए व्यय का पूर्ण विवरण प्रांतीय अध्यक्षा के समक्ष प्रस्तुत किया।
सांगठनिक सुदृढ़ीकरण के क्रम में प्रांतीय अध्यक्ष पुष्पा मेहता ने मैत्री क्लब के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित उपस्थित सभी सदस्यों को प्रांतीय पिन लगाकर सम्मानित किया और सभी को प्रांतीय डायरेक्टरी भेंट की। अपने संबोधन में पुष्पा मेहता ने मैत्री क्लब के सेवा भाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि क्लब द्वारा निरंतर किए जा रहे स्थायी प्रोजेक्ट्स (परमानेंट प्रोजेक्ट) समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। प्रांतीय सचिव ममता शर्मा ने आगामी अप्रैल माह में आयोजित होने वाले 'मल्टीपल अवार्ड फंक्शन' की रूपरेखा साझा करते हुए सदस्यों से अधिकतम संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर मीना भंडारी, पूनम तिवारी, रेनू नाहर, रेखा बोरदिया, पूनम सोमानी, प्रतिभा, खुशबू खटोड़, नर्मदा हिंगड़, संगीता पानगड़िया, प्रेरणा लड्ढा और प्रीति रांका सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाकर कार्यक्रम को सफल बनाया। सामूहिक भोज के साथ इस सफल आधिकारिक यात्रा का समापन हुआ।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
