विकास और जनकल्याण की झलक बनी आकर्षण का केंद्र, प्रदर्शनी के अंतिम दिन उमड़ी भीड़
नगर निगम के महाराणा प्रताप सभागार में आयोजित त्रिदिवसीय जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी के अंतिम दिन युवाओं और विद्यार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी।

उदयपुर के महाराणा प्रताप सभागार में आयोजित जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी के अंतिम दिन रविवार को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेते विद्यार्थी और आमजन।
नगर निगम स्थित महाराणा प्रताप सभागार में जिला सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय द्वारा आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम आधारित जिला स्तरीय प्रदर्शनी के अंतिम दिन रविवार को विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन की उल्लेखनीय उपस्थिति देखने को मिली। प्रदर्शनी ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विकास यात्रा, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को एक ही मंच पर प्रस्तुत कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे विद्यार्थियों और आगंतुकों ने विभिन्न योजनाओं, नवाचारों और विकासात्मक पहलों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। आकर्षक फोटो पैनल, फ्लेक्स और सूचना सामग्री के माध्यम से केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा आधारभूत संरचना विकास, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सामाजिक सुरक्षा और रोजगारोन्मुखी योजनाओं के अंतर्गत किए गए प्रयासों को दर्शाया गया। इसके माध्यम से आगंतुकों को विकास की विभिन्न योजनाओं और उनके प्रभावों को समझने का अवसर मिला।
विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की व्यापक जानकारी प्राप्त हुई है। उन्होंने माना कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को देश और प्रदेश में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, महिला एवं बाल विकास योजनाएं, किसान कल्याण कार्यक्रम, डिजिटल इंडिया अभियान तथा शिक्षा एवं कौशल विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। आगंतुकों ने प्रदर्शित सामग्री की सराहना करते हुए इसे जनजागरूकता और सूचना प्रसार का प्रभावी माध्यम बताया।
जिला स्तरीय इस प्रदर्शनी ने विकास और जनकल्याण से जुड़े प्रयासों को आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ युवाओं और विद्यार्थियों को योजनाओं की जानकारी प्रदान कर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
