भीलवाड़ा। वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध पुलिस ने अब 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपना ली है। शहर के चर्चित गुटखा व्यापारी नारायण दास सिंधी के साथ हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस को उस वक्त बड़ी सफलता हाथ लगी, जब इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड मोहित सिंह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मंगलवार शाम को जब कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहित सिंह और उसके चार अन्य साथियों को हथकड़ियों में जकड़कर तंग गलियों से पैदल परेड करवाते हुए निकाला, तो मंजर देखने लायक था। खौफ फैलाने वाले बदमाश नजरें झुकाए चल रहे थे और क्षेत्र की जनता पुलिस के इस सख्त अंदाज की सराहना कर रही थी।

इस पूरी वारदात की पटकथा किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं थी। जांच अधिकारी और सहायक उप निरीक्षक अशोक सोनी ने बताया कि मास्टरमाइंड मोहित सिंह पुत्र अजयपाल सिंह राजपूत, जो आशा नगर का निवासी है, कभी पीड़ित व्यापारी नारायण दास की दुकान पर ही काम करता था। काम के दौरान मोहित की नीयत डोल गई और वह सीसीटीवी में सिगरेट चोरी करते पकड़ा गया, जिसके बाद व्यापारी ने उसे नौकरी से निकाल दिया। इसी अपमान का बदला लेने और रातों-रात अमीर बनने की सनक में मोहित ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर इस खतरनाक डकैती की योजना बनाई।

वारदात 12 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजकर 40 मिनट पर अंजाम दी गई थी। नारायण दास सिंधी अपनी दुकान मंगल कर स्कूटी से शास्त्री नगर स्थित घर लौट रहे थे। जैसे ही वह घर के द्वार पर पहुंचे, पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन पर प्राणघातक हमला कर दिया। मारपीट के बाद लुटेरों ने स्कूटी की डिक्की में रखे चार लाख रुपये लूटे और स्कूटी लेकर ही फरार हो गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मोहित सिंह को खेतों में घेराबंदी कर दबोचा।

मंगलवार को पुलिस ने कानून का इकबाल बुलंद करने के लिए मोहित सिंह के साथ पूर्व में गिरफ्तार आरोपी काना उर्फ कन्हैयालाल, विक्रम उर्फ विक्की, राजू नायक और किशन रेगर की पैदल परेड निकाली। बड़ला चौराहे से शुरू हुई यह परेड वारदात स्थल तक ले जाई गई, ताकि अपराधियों के मन में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास पैदा हो सके। भीलवाड़ा पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, वह कानून के लंबे हाथों से बच नहीं सकता।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story