राजस्थान प्रदेश मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज करेगा 251 मेधावी प्रतिभाओं का प्रदेश स्तरीय सम्मान
राजस्थान प्रदेश मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज ने वर्ष 2026 में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 251 मेधावी विद्यार्थियों के प्रदेश स्तरीय सम्मान की घोषणा की है। छात्राओं के शानदार प्रदर्शन ने इस आयोजन को खास बना दिया है।

राजस्थान प्रदेश मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज संस्था वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में 90% से अधिक अंक लाने वाले 251 मेधावी विद्यार्थियों के लिए प्रदेश स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करेगी।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में राजस्थान प्रदेश मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज संस्था (रजिस्टर्ड) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। संस्था के शिक्षा प्रकोष्ठ द्वारा वर्ष 2026 में माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक बोर्ड परीक्षाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले समाज के 251 मेधावी विद्यार्थियों का प्रदेश स्तरीय सम्मान किया जाएगा।
प्रदेश शिक्षा प्रकोष्ठ सदस्य दिलीप सोनी ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान (आरबीएसई) एवं केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह का आयोजन समाज की शीर्ष संस्था के प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रसाद तोषावड़, महामंत्री बजरंग लाल झींगा, कोषाध्यक्ष राजकुमार कुलथिया तथा प्रदेश कार्यकारिणी के सानिध्य में संपन्न होगा। समारोह की तिथि और स्थान की घोषणा शीघ्र की जाएगी।
शिक्षा प्रकोष्ठ प्रभारी प्रवीण मेढ़ ने बताया कि सीबीएसई कक्षा 12वीं के जिन विद्यार्थियों ने री-टोटलिंग अथवा री-चेकिंग के लिए आवेदन किया है और 30 जून 2026 तक उनके अंक 90 प्रतिशत या उससे अधिक हो जाते हैं, वे अपनी पुरानी एवं संशोधित अंकतालिका प्रदेश शिक्षा प्रकोष्ठ को उपलब्ध कराकर प्रतिभा सम्मान सूची में अपना नाम शामिल करा सकेंगे।
इस वर्ष समाज की छात्राओं ने विशेष रूप से शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कक्षा 12वीं में कृष्णा सोनी (फलोदी), कल्पना सोनी (बिजवालिया, जोधपुर) तथा कृष्णा सोनी (बीदासर, बीकानेर) ने 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं दीक्षा सोनी (खैरथल) और सिमरन सोनी (झुंझुनूं) ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता दर्ज की।
कक्षा 10वीं में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आस्था सोनी (सीकर) ने 99.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर श्रेष्ठ स्थान हासिल किया, जबकि गर्वप्रकाश सोनी (अजमेर) ने 99 प्रतिशत और पूर्वा सोनी (कूदन, सीकर) ने 98.83 प्रतिशत अंक अर्जित कर वरीयता सूची में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
दिलीप सोनी ने कहा कि शिक्षा समाज के सर्वांगीण विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित और प्रोत्साहित कर समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। प्रदेश स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह न केवल मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों का गौरवपूर्ण उत्सव होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का माध्यम बनेगा।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
