भीलवाड़ा में सुल्तान शाह की बावड़ी विवाद, वक्फ संपत्ति मामले में कार्रवाई की मांग
भीलवाड़ा में सुल्तान शाह की बावड़ी वक्फ संपत्ति विवाद को लेकर मुस्लिम समाज ने कलेक्टर से जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की।

जिला कलेक्टर कार्यालय में सुल्तान शाह की बावड़ी मामले को लेकर ज्ञापन सौंपते मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि और स्थानीय प्रबुद्धजन।
वक्फ संपत्ति "सुल्तान शाह की बावड़ी" से जुड़े प्रकरण को लेकर मुस्लिम समाज और मुस्लिम सद्भाव सेवा समिति ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर न्यायालय के आदेश की अवहेलना, वक्फ संपत्ति पर कथित अवैध कब्जे और धार्मिक भावनाओं को आहत करने के मामले में तत्काल एवं सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह ज्ञापन जामा मस्जिद के इमाम मौलाना हाफिजुर रहमान साहब की सदारत में दिया गया, जिसमें शहर की सभी मस्जिदों के इमाम साहबान ने हिस्सा लिया।
शाहपुरा के इकबाल भाटी ने बताया कि माननीय न्यायालय द्वारा 16 फरवरी 2026 को पारित निर्णय एवं डिक्री के अनुसार, उक्त वक्फ संपत्ति नाप 9 × 22 फीट के संबंध में स्थायी निषेधाज्ञा जारी की गई थी। न्यायालय ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि संपत्ति के उपयोग-उपभोग, धार्मिक गतिविधियों तथा आवागमन में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद नगर पालिका द्वारा उक्त वक्फ संपत्ति पर तारबंदी कर कथित रूप से अवैध कब्जा कर लिया गया, जो न्यायालय की डिक्री का उल्लंघन है। इससे धार्मिक गतिविधियों और आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न हुई है।
ज्ञापन में यह भी गंभीर आरोप लगाया गया कि दरगाह एवं मजार से संबंधित धार्मिक सामग्री तथा पवित्र कुरआन शरीफ की आयतें अंकित चादरों को डंपिंग यार्ड में फेंक दिया गया। मुस्लिम समाज ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताते हुए क्षेत्र में रोष और चिंता व्यक्त की है।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने, धार्मिक सामग्री का अपमान करने तथा न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने वाले संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत विभागीय एवं आपराधिक कार्रवाई करने की मांग की गई।
इसके साथ ही भविष्य में वक्फ संपत्तियों एवं धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन से आवश्यक और ठोस कदम उठाने की मांग रखी गई।
ज्ञापनकर्ताओं ने कहा कि न्याय, कानून के शासन और सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए इस संवेदनशील मामले में शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।
इस मौके पर शरीफ खान पठान (सदर, मुस्लिम सद्भाव सेवा समिति), याकुब खान (कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पीसीसी मेम्बर), रमजान मोहम्मद सौरगर (नायब सदर), हमीद रंगरेज (जिला अध्यक्ष, कांग्रेस अल्पसंख्यक), सलामुद्दीन पठान (सेक्रेटरी), इकबाल साहब (ब्लॉक अध्यक्ष, शाहपुरा), सैयद शराफत अली (शहर काजी, शाहपुरा), ताज मोहम्मद (एडवोकेट), रियाज पठान, इकबाल साहब पठान (महामंत्री, समिति), ताहिर पठान (शहर महामंत्री, समिति) सहित समिति के सभी सम्मानित सदस्य और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
वक्फ संपत्ति सुल्तान शाह की बावड़ी से जुड़े इस मामले में मुस्लिम समाज और मुस्लिम सद्भाव सेवा समिति ने प्रशासन से न्यायालय के आदेशों के पालन और धार्मिक स्थल की सुरक्षा को लेकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
