भीलवाड़ा। गोसम्मान आह्वान अभियान के तहत 30 दिसंबर 2025 को हरि शेवा धाम में प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक दोपहर 3 बजे प्रारंभ होगी, जिसमें संत, गोभक्त और सनातनी समाज के प्रतिनिधि गौमाता के सम्मान, संरक्षण और संवर्धन को लेकर केंद्र सरकार से ठोस कानून बनाने की अपील करेंगे।

आयोजकों ने बताया कि इस अवसर पर सत्संग, गो-रक्षा से संबंधित चर्चाएँ और जनजागरण कार्यक्रम भी होंगे। अभियान किसी संस्था, संगठन या राजनीतिक दल के बैनर तले नहीं, बल्कि गौमाता के प्रधान संरक्षण और नंदी बाबा की अध्यक्षता में संचालित है। अभियान का मुख्य उद्देश्य गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाना, गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कराना और गो-संवर्धन के लिए प्रभावी सरकारी नीतियाँ बनवाना है।

अभियान में गोहत्या और गो-तस्करी में लिप्त अपराधियों के लिए आजीवन कारावास का प्रावधान, जब्त वाहनों का गौशालाओं में उपयोग, और गौ-रक्षा हेतु केन्द्रीय कानून की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई जाएगी। इसके अलावा गोबर और गोमूत्र आधारित अनुसंधान विश्वविद्यालयों की स्थापना, पंचगव्य औषधियों का आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में निःशुल्क वितरण, सरकारी भवनों में गोबर पेंट और गौनाइल का अनिवार्य उपयोग, गौशालाओं को मनरेगा से जोड़ना, बिजली बिल में छूट, और निराश्रित गौवंश के लिए चारे की समुचित व्यवस्था जैसी योजनाएँ भी प्रस्तावित की गई हैं।

अभियान की छह माह की राष्ट्रीय कार्ययोजना के अनुसार जनवरी से मार्च 2026 तक देशभर में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। 27 अप्रैल 2026 को प्रत्येक तहसील और जिला मुख्यालय पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे। अपेक्षित उत्तर न मिलने पर जुलाई और अक्टूबर 2026 में यह प्रक्रिया दोहराई जाएगी। अंतिम चरण में 27 फरवरी 2027 को देश के 800 जिलों और 5000 तहसीलों से संत और गोभक्त दिल्ली में शांतिपूर्ण संकीर्तन करेंगे, जो 15 अगस्त 2027 तक छह माह तक चलेगा।

आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि अभियान पूरी तरह अहिंसक होगा। इसमें किसी प्रकार का भाषण, मंचीय उद्घोषणा या राजनीतिक स्वरूप नहीं रहेगा। किसी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा और संदेश केवल संकीर्तन, प्रार्थना और जनजागरण के माध्यम से दिया जाएगा। अभियान का प्रतीक नंदी महाराज और गौमाता का चित्र होगा।

गोसम्मान आह्वान अभियान की यह प्रदेश स्तरीय बैठक गौमाता के सम्मान और संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिसका उद्देश्य केंद्र सरकार पर प्रभाव डालकर देशव्यापी कानून और नीतियों के निर्माण की दिशा में जनता की आवाज को मजबूती प्रदान करना है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story