शाहपुरा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कोठियां में सरकारी भूमि के पट्टों के आवंटन में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आने के बाद तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) कल्याणमल जाट के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिला स्तरीय जांच समिति की रिपोर्ट में उन्हें दोषी मानते हुए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने राजस्थान असैनिक सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 16 के तहत आरोप पत्र जारी किया है।

यह कार्रवाई गांव के पवन कुमार माली द्वारा की गई शिकायत के आधार पर हुई जांच के बाद की गई है। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी ने नियमों की अवहेलना करते हुए सरपंच के रिश्तेदारों और वाल्मिकी समाज सेवा समिति के नाम कुल छह पट्टे जारी किए।

रिपोर्ट के अनुसार, पट्टे जारी करने से पहले न तो साइट प्लान लिया गया और न ही टाउन प्लानर की स्वीकृति प्राप्त की गई। इसके अलावा पंचायती राज नियम, 1996 के नियम 157(1) के तहत आवश्यक खुली नीलामी प्रक्रिया भी नहीं अपनाई गई।

जांच में यह भी सामने आया कि वाल्मिकी समाज सेवा समिति के अध्यक्ष स्वयं तत्कालीन सरपंच ओमप्रकाश घूसर थे, जिन्हें 3500 वर्ग फीट भूमि का पट्टा जारी किया गया। इसके अतिरिक्त सरपंच के पुत्र, पुत्रवधु और पत्नी के नाम भी पट्टे जारी किए गए। कई भूखंडों का उपयोग आवासीय उद्देश्य के बजाय सुअर पालन और बकरी पालन जैसे कार्यों के लिए किया जाना भी जांच में सामने आया।

आरोप पत्र में कई पट्टों एवं पट्टा पुस्तिकाओं में आवंटन तिथि तक दर्ज नहीं होने का उल्लेख किया गया है। जांच समिति ने निष्कर्ष निकाला कि तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी ने विशेष व्यक्तियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती तथा राजकोष को आर्थिक नुकसान पहुंचाया। अब संबंधित अधिकारी को विभागीय स्तर पर आरोपों का जवाब देना होगा।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story