शाहपुरा: महिला से चाकू की नोंक पर लूट का माल खरीदने वाला इनामी आरोपी गिरफ्तार
पारोली थाना पुलिस ने ₹5,000 के इनामी आरोपी मोहम्मद अमजद उल्ला को निम्बाहेड़ा से दबोचा, पूर्व में गिरफ्तार बदमाशों से खरीदा था सोने का जेवरात।

जिले की पारोली थाना पुलिस ने फलासेड रोड पर पैदल जा रही एक महिला से चाकू की नोंक पर सोने के जेवरात लूटने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹5,000 के इनामी वांछित आरोपी मोहम्मद अमजद उल्ला पुत्र मुबारिक हुसैन, निवासी ढोलियों की गली, जावद दरवाजा, निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर लूट का माल खरीदने का गंभीर आरोप है, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा।
पुलिस अधीक्षक जिला धर्मेंद्र सिंह यादव एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा राजेश आर्य के निर्देशन में इस खूंखार गैंग को नेस्तनाबूद करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इसी टीम ने कार्रवाई करते हुए ₹5,000 के इनामी शातिर आरोपी मोहम्मद अमजद उल्ला को दस्तयाब किया। पूछताछ के दौरान मनोवैज्ञानिक और गहन तरीके से पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने स्वीकार किया कि पूर्व में गिरफ्तार आरोपी भैरू लाल और उसके साथी विशाल उर्फ विकास मोग्या से लूटा गया सोने का माल उसने खरीदा था। स्वीकारोक्ति के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह वारदात 27 फरवरी 2026 की है, जब फलासेड निवासी पीड़िता शाम करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच अपने खेत से घर लौट रही थी। इसी दौरान फलासेड गांव के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने महिला की छाती पर चाकू अड़ा दिया और गले से पहने करीब 3 तोले सोने की रामनामी, दो मादलिया, दो सोने के मोती और टोपीस छीनने का प्रयास किया।
जब पीड़िता ने अपने गहनों को बचाने के लिए विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और चाकू से हमला कर गले में पहने जेवरात को काट डाला, जिससे महिला का गला गंभीर रूप से कट गया और खून की धार बहने लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी पारोली की ओर फरार हो गए थे। मामले में पुलिस ने धारा 304(2) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में दो मुख्य आरोपी भैरू लाल उर्फ नाना लाल मोग्या और गोवर्धन मोग्या को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुछ जेवरात बरामद किए थे। पूछताछ में भैरू लाल पुत्र पूरण मोग्या ने खुलासा किया कि लूटा गया माल चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा निवासी मोहम्मद अमजद उल्ला को बेचा गया था।
इसके बाद पुलिस ने लूट का माल ठिकाने लगाने वाले मुख्य आरोपी मोहम्मद अमजद उल्ला को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि शेष लूटी गई ज्वेलरी की बरामदगी और इस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं पर और बड़े खुलासे हो सकें। यह कार्रवाई पुलिस की संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
