शाहपुरा में 4.16 करोड़ पशु चिकित्सालय निर्माण में खामियां, कार्य रोका गया
शाहपुरा आसींद रोड पर बन रहे बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय के निर्माण कार्य में गंभीर खामियां मिलने पर विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कार्य रुकवाते हुए ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।

शाहपुरा आसींद रोड पर निर्माणाधीन पशु चिकित्सालय भवन के औचक निरीक्षण के दौरान नींव और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को परखते हुए विधायक डॉ. लालाराम बैरवा एवं अन्य अधिकारी।
भीलवाड़ा के शाहपुरा क्षेत्र में आसींद रोड पर निर्माणाधीन 4 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत वाले बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय भवन के निर्माण कार्य में गंभीर गुणवत्ता खामियां सामने आने पर हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने मौके पर ही निर्माण कार्य रुकवा दिया और संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई।
जानकारी के अनुसार, विधायक द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में भवन की दीवारों की चिनाई बेहद कमजोर पाई गई, जहां हाथ लगाने मात्र से ही पत्थर और मसाला नीचे गिरने लगे। इस स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशाषी अभियंता को भी तलब किया गया। निरीक्षण के दौरान जब अधिकारियों ने स्थिति को लेकर सफाई देने का प्रयास किया, तो विधायक ने स्पष्ट कहा कि जनता के धन के उपयोग में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अवैध मिट्टी के उपयोग और घटिया बजरी-गिट्टी के इस्तेमाल के भी आरोप सामने आए। विधायक ने आशंका जताई कि निर्माण में उपयोग की जा रही मिट्टी आसपास के क्षेत्रों से बिना खनिज एवं राजस्व विभाग की अनुमति के अवैध खनन के माध्यम से लाई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने ठेकेदार के खिलाफ ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि यदि सख्त कानूनी कदम नहीं उठाए गए तो संबंधित PWD अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पहले से ही इस निर्माण कार्य को लेकर शिकायतें की जा रही थीं, जिसके बाद प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है। यह प्रकरण अब पूरे क्षेत्र में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
