भीलवाड़ा। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को कमजोर किए जाने के आरोपों के बीच कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ गांव-गांव जनजागरण की मुहिम छेड़ दी है। इसी क्रम में 25 जनवरी 2026 को भीलवाड़ा जिले में ग्राम पंचायत स्तर पर “मनरेगा बचाओ जनआंदोलन” के तहत कांग्रेस ने आम सभा और चोपाल कार्यक्रम आयोजित कर केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की।

जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा (देहात) के जिला अध्यक्ष रामलाल जाट के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मांडल-सुवाणा द्वारा यह आंदोलन संचालित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे हलेड ग्राम पंचायत से हुई, इसके बाद दोपहर 12 बजे दाँथल, 1:30 बजे धुमडास, 3 बजे रूपाहेली तथा 4:15 बजे कान्दा ग्राम पंचायत में चोपाल और सभाओं का आयोजन किया गया। इन सभाओं में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मनरेगा को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए और ग्रामीणों को जागरूक किया।

सभा को संबोधित करते हुए रामलाल जाट ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा कानून में बदलाव कर इसे धीरे-धीरे समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि योजना में किसी व्यक्ति विशेष का नाम होता तो कांग्रेस उसका विरोध नहीं करती, लेकिन आमजन को भ्रमित करने के उद्देश्य से महात्मा गांधी के नाम का सहारा लिया जा रहा है। जाट ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में मनरेगा मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है और राजस्थान में किसी भी मजदूर को 100 दिन का रोजगार उपलब्ध नहीं कराया गया। उन्होंने 125 दिन काम देने की घोषणाओं को जनता को गुमराह करने वाला कदम बताया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों को जानबूझकर परेशान और प्रताड़ित किया जा रहा है तथा जो आमजन सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे जेल भेजा जाता है। चुनकर आए जनप्रतिनिधियों को पद से हटाने, भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों और बढ़ती महंगाई को लेकर भी केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए गए। वक्ताओं ने कहा कि मांडल और सहाड़ा विधानसभा क्षेत्रों में अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है, जिससे किसान वर्ग भारी संकट में है।

कार्यक्रम में प्रदेश सचिव शंकर लाल गाडरी, विधानसभा समन्वयक डॉ. प्रदीप शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष विकास सूवलाका, पंचायत राज के जिला अध्यक्ष श्यामलाल गुर्जर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनके साथ हरफूल जाट, जमनालाल गाडरी, शंकर लाल जाट सीआर, राजू जाट, गणेश डोगीवाल, ओमप्रकाश जाट, कैलाश चौधरी, बनालाल जाट, शिवराज जाट सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।

मनरेगा बचाओ जनआंदोलन के तहत आयोजित इन चोपाल और सभाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। कांग्रेस का यह अभियान न केवल मनरेगा के मुद्दे को केंद्र में लाने का प्रयास है, बल्कि आने वाले समय में ग्रामीण राजनीति की दिशा और तीव्रता को भी प्रभावित करने वाला माना जा रहा है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story