भीलवाड़ा में प्रसिद्ध श्री सांवरिया सेठ मंदिर के नाम पर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने लकी ड्रा में लग्जरी कार निकलने का झांसा देकर एक युवक से 40 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने गांधी नगर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

पांसल रोड, जवाहर नगर निवासी भंवर लाल प्रजापत ने ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया। इसमें सांवरिया सेठ मंदिर के नाम से उपहार योजना चलाए जाने का दावा किया गया था। मैसेज में मोटरसाइकिल, कूलर और लग्जरी गाड़ियों के इनाम खुलने का झांसा दिया गया।

आरोपियों ने खुद को मंदिर ट्रस्ट का प्रतिनिधि बताया। पीड़ित का विश्वास जीतने के लिए ठगों ने रतन लाल जाट नामक व्यक्ति का आधार कार्ड, पैन कार्ड और क्यूआर स्कैनर भी भेजा।

इसके बाद आरोपियों ने शुरुआत में 199 रुपये टोकन चार्ज के रूप में जमा करवाए। बाद में टोकन नंबर 10545 जारी कर पीड़ित को स्विफ्ट कार का इनाम निकलने की जानकारी दी गई। कार की डिलीवरी और सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट द्वारा अधिकृत गौशाला में दान करने के नाम पर आरोपियों ने पीड़ित को झांसे में लिया और कुल 40 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।

रुपये जमा करने के बाद जब पीड़ित को कार की डिलीवरी नहीं मिली तो उसने मामले की छानबीन की। जांच करने पर पता चला कि सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट की ओर से ऐसी कोई लॉटरी या उपहार योजना नहीं चलाई जा रही है।

धोखाधड़ी का अहसास होने के बाद भंवर लाल प्रजापत ने 21 अगस्त 2026 को गांधी नगर थाने में शिकायती पत्र दिया और ठगी करने वाले आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। गांधीनगर थाना प्रभारी पुष्पा कासौटिया ने बताया कि प्रजापत की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह की तलाश की जा रही है।

Updated On
Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story