जहाजपुर में सालासर ज्वेलर्स के टूटे ताले, चोर ले गए नगदी और जेवरात
भीलवाड़ा के जहाजपुर में सालासर ज्वेलर्स का शटर तोड़कर चोरों ने नगदी और चांदी के जेवरात चोरी किए। सीसीटीवी में कैद हुई वारदात के बाद स्वर्णकार समाज ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

तस्वीर में जहाजपुर स्थित सालासर ज्वेलर्स के अंदर बिखरा हुआ सामान और खुले हुए काउंटर दिखाई दे रहे हैं।
भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर कस्बे में देवली रोड, नागदी पुलिया के पास स्थित ‘सालासर ज्वेलर्स’ में अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बेखौफ चोरों ने रात के अंधेरे में दुकान का शटर सरिये से उखाड़ दिया और ताले तोड़कर नगदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
चोरी की वारदात का पता सुबह उस समय चला, जब पड़ोसी दुकानदार सीपी जैन अपनी दुकान पर पहुँचे। उन्होंने सालासर ज्वेलर्स का शटर उखड़ा और उठा हुआ देखा तो उनके होश उड़ गए। सीपी जैन ने तुरंत दुकान मालिक जगदीश सोनी को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर पीड़ित व्यापारी जगदीश सोनी मौके पर पहुँचे। दुकान के अंदर का नजारा देखने के बाद उन्हें चोरी की जानकारी मिली। बदमाश दुकान से चांदी की एक चेन, दो चांदी के छत्र और एक मुकुट, लगभग 50 ग्राम टूटी-फूटी चांदी और ₹7,500 की नकदी ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग 50 से 60 हजार रुपये बताई गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी दयाराम चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और मामले की जांच शुरू की। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में चोरों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं, जिनके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
मुख्य मार्ग देवली रोड पर स्थित दुकान का शटर सरिये से उखाड़कर चोरी किए जाने की घटना के बाद रात्रिकालीन पुलिस गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मुख्य मार्ग पर ऐसी वारदात हो सकती है तो सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और पुलिस की निष्क्रियता को लेकर स्वर्णकार समाज में भारी रोष है। स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष सत्यवान सोनी ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जिला पुलिस अधीक्षक (SP) से मांग की है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर शत्-प्रतिशत माल बरामद किया जाए।
उन्होंने यह भी मांग की है कि कस्बे में महज ‘खानापूर्ति’ बन चुकी गश्त व्यवस्था को मजबूत और असरदार बनाया जाए तथा ज्वेलर्स और स्थानीय व्यापारियों की सुरक्षा की पुख्ता गारंटी दी जाए।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी हुए माल की बरामदगी नहीं हुई, तो स्वर्णकार समाज उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस प्रशासन की होगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
