संदिग्ध मौत पर भड़का जनाक्रोश: शव उठाने से इनकार, हत्या की आशंका में ग्रामीणों ने उपखंड कार्यालय पर किया प्रदर्शन
भीलवाड़ा के सहाड़ा क्षेत्र में युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद ग्रामीणों और परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। हत्या की आशंका के बीच शव उठाने से इनकार कर प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई।

भीलवाड़ा के सहाड़ा में बुधवार को युवक भैरूलाल कुम्हार की संदिग्ध मौत के विरोध में न्याय और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर उपखंड कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
सहाड़ा क्षेत्र में एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद जनाक्रोश खुलकर सामने आ गया। मृतक के परिजनों, ग्रामीणों और समाज के लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया तथा प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की। पूरे घटनाक्रम के चलते क्षेत्र में दिनभर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, चीड़खेड़ा ग्राम पंचायत के कुम्हारिया खेड़ा निवासी 40 वर्षीय भेरूलाल कुम्हार रविवार शाम घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार को सहाड़ा चौराहा स्थित मेला मैदान के निकट उनका शव मिलने की सूचना से परिवार और ग्रामीणों में शोक एवं आक्रोश फैल गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव लेकर मोर्चरी पहुंचे, जहां उन्होंने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। उनका आरोप था कि भेरूलाल की हत्या की गई है और जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों और समाज के लोगों ने निष्पक्ष जांच तथा मामले के शीघ्र खुलासे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण, समाजजन और मृतक के परिजन उपखंड कार्यालय पहुंचे और उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने, मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा हत्या के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उनका कहना था कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सामान्य जांच पर्याप्त नहीं होगी और दोषियों तक पहुंचने के लिए निष्पक्ष एवं गहन जांच आवश्यक है।
उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि प्रशासन मामले को पूरी गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कराने और नियमानुसार मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और जांच प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है।
सहाड़ा में हुई इस संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पूरे मामले की दिशा पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिनके आधार पर यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह मौत एक दुर्घटना थी या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी हुई है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
