सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया के काफिले पर हमला, प्रतिनिधि से मारपीट
भीलवाड़ा के खेमाणा गांव में साइकिल वितरण के बाद विधायक प्रतिनिधि की कार पर पथराव और मारपीट, 14 नामजद आरोपियों पर एफआईआर दर्ज।

भीलवाड़ा के रायपुर थाना क्षेत्र के खेमाणा गांव में शुक्रवार को विधायक लादूलाल पितलिया के काफिले पर हमले के बाद क्षतिग्रस्त कार और जांच करती पुलिस।
जिले के खेमाणा गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब साइकिल वितरण कार्यक्रम के बाद सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया के काफिले को घेरकर नारेबाजी की गई।
घटना का विवरण और हमला
हालत उस वक्त और बिगड़ गए जब विधायक के निकलने के बाद उनके प्रतिनिधि और साथियों की कार पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने पत्थर बरसाकर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और गल्यावड़ी तक पीछा कर विधायक प्रतिनिधि सहित तीन लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। रायपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ितों की रिपोर्ट और बयान
पुलिस के अनुसार गल्यावड़ी निवासी विधायक प्रतिनिधि रतनलाल सुथार, रूपचंद पुत्र रतन गाडरी और रतन पुत्र शंकर लाल जाट ने थाने में रिपोर्ट दी है। बताया गया कि खेमाणा स्थित राजकीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक के साथ ये तीनों भी मौजूद थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब विधायक अपनी गाड़ी से रवाना हुए तो कुछ लोगों ने रास्ता रोककर नारेबाजी की। इसके बाद विधायक वहां से निकल गए।
लेकिन पीछे से विधायक प्रतिनिधि और उनके साथी जैसे ही अपनी कार से आगे बढ़े, आरोपियों ने उनकी गाड़ी रोक ली और पत्थर फेंककर शीशे तोड़ दिए। हमलावरों ने धमकी देते हुए कहा कि "विधायक तो बच गए, वरना अंजाम कुछ और होता।" इसके बाद तीनों को गल्यावड़ी तक दौड़ाया गया और वहां उनके साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर तीनों को विधायक की गाड़ी में बैठाकर वहां से रवाना किया।
उपचार और कानूनी कार्रवाई
घायलों को रायपुर अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच एसआर सुखाडिय़ा को सौंपी है।
इनके खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर (नामजद आरोपी)
जांच अधिकारी के अनुसार रिपोर्ट में निम्नलिखित लोगों को आरोपी बनाया गया है:
- चावंडसिंह राजपूत, नारायण सिंह, एक अन्य नारायण सिंह
- किशन सिंह, सुमेर सिंह, महिपाल सिंह
- पुष्पेंद्र सिंह, कान सिंह, कालू सिंह
- दशरथ सिंह, चंद्रभान सिंह, नारायण पुत्र मदन सरगरा
- पूरण सैन, मयूर सिंह चारोट
- १२ से १५ अन्य लोग भी शामिल हैं।
पुलिस सभी की भूमिका की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
