गंगापुर-भीलवाड़ा। पंचायती राज चुनाव को लेकर सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति पर चर्चा के लिए 1 अक्टूबर को क्षेत्र में कांग्रेस की तीन महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों में विधायक प्रत्याशी राजेंद्र त्रिवेदी, प्रदेश प्रभारी देवी लाल अहीर सहित जिले के प्रभारी और कांग्रेस के अन्य नेता मौजूद रहेंगे।

पहली बैठक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रायपुर की ओर से सुबह 10:30 बजे ग्राम सेवा मंडल छात्रावास, रायपुर में आयोजित होगी। इसमें प्रदेश प्रभारी देवी लाल अहीर, जिले के प्रभारी मुकेश चन्देल, विधायक प्रत्याशी राजेंद्र त्रिवेदी सहित अन्य नेता उपस्थित रहेंगे। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रायपुर अध्यक्ष कुलदीप त्रिवेदी ने सभी कांग्रेसजनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बैठक को सफल बनाने की अपील की है।

दूसरी बैठक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सहाड़ा की ओर से दोपहर 2:30 बजे क्यारा के बालाजी पुर, भीलवाड़ा में आयोजित होगी। बैठक में विधायक प्रत्याशी राजेंद्र त्रिवेदी, प्रदेश प्रभारी देवी लाल अहीर, जिले के प्रभारी कैलाश चौधरी सहित अन्य नेता शामिल होंगे। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सहाड़ा अध्यक्ष सोहनलाल जाट ने सभी कांग्रेसजनों से बैठक में उपस्थित रहने का आह्वान किया है।

वहीं तीसरी बैठक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सहाड़ा की ओर से दोपहर 12:30 बजे कांग्रेस कार्यालय गंगापुर में आयोजित की जाएगी। इसमें विधायक प्रत्याशी राजेंद्र त्रिवेदी, प्रदेश प्रभारी देवी लाल अहीर, जिले के प्रभारी हेमेंद्र शर्मा (बोस्की) सहित कांग्रेस के अन्य नेता मौजूद रहेंगे। बैठक में पंचायती राज चुनाव को लेकर आवश्यक विचार-विमर्श किया जाएगा।

तीनों बैठकों के आयोजकों के अनुसार, सभी मंडल अध्यक्षों एवं पंचायत अध्यक्षों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। साथ ही सभी कांग्रेसजनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है। 1 अक्टूबर को होने वाली इन तीन बैठकों में पंचायती राज चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति को लेकर चर्चा होगी।

Next Story