ग्रामीण संवाददाता पर हमला: खबर छापने से नाराज़ दबंगों ने पत्रकारिता को कुचलने की कोशिश
भीलवाड़ा के ग्राम अरवड़ में रात्रि चौपाल की खबर प्रकाशित करने पर ग्रामीण संवाददाता सत्यनारायण टेलर पर दबंगों ने जानलेवा हमला किया। फुलियाकलां थाना क्षेत्र की इस घटना में पत्रकार से मारपीट, धमकी और झूठे केस में फंसाने की चेतावनी दी गई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

भीलवाड़ा। जिले के फुलियाकलां थाना क्षेत्र के ग्राम अरवड़ में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा और गंभीर हमला सामने आया है। रात्रि चौपाल कार्यक्रम की खबर प्रकाशित करने से आक्रोशित दबंगों ने एक ग्रामीण संवाददाता को रास्ते में घेरकर न केवल जान से मारने की धमकियां दीं, बल्कि बेरहमी से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना न सिर्फ एक पत्रकार पर हमला है, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर खुली चुनौती मानी जा रही है।
पीड़ित ग्रामीण संवाददाता सत्यनारायण टेलर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह 17 दिसंबर 2025 को ग्राम अरवड़ में आयोजित रात्रि चौपाल कार्यक्रम का कवरेज करने गया था और उससे संबंधित खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होते ही सरदारपुरा निवासी रामलाल गुर्जर ने फोन पर उसे धमकाते हुए कहा कि “तेरी पत्रकारिता का मजा बता दूंगा, तू अपनी औकात से बाहर निकल रहा है।” इस धमकी के बाद भी संवाददाता अपने नियमित कार्य में लगा रहा।
घटना 24 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 9:30 बजे की है, जब सत्यनारायण टेलर अपने काम से बस स्टैंड की ओर जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों में रामलाल गुर्जर और ईश्वर गुर्जर निवासी सरदारपुरा, गोपाल रैगर, रामप्रसाद रेगर तथा महावीर खारोल शामिल बताए गए हैं। आरोप है कि रामलाल गुर्जर ने संवाददाता का कॉलर पकड़ते हुए कहा, “आज तेरी पत्रकारिता निकाल देता हूं, बहुत खबरें छापता है,” और इसके बाद सभी ने मिलकर लात-घूंसों से उस पर हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान पत्रकार को जमीन पर गिराकर पीटा गया। उसके गले और कंधे पर दांत से काटने के निशान आए, वहीं हाथ, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें पहुंचीं। हमलावर लगातार जान से मारने की धमकियां देते रहे। जाते-जाते आरोपियों ने यह कहते हुए डराने की कोशिश की कि यदि थाने में रिपोर्ट दी गई तो उसके खिलाफ झूठा एससी-एसटी प्रकरण दर्ज करवा दिया जाएगा। उन्होंने अपने पीछे एक बड़ी गैंग होने का दावा भी किया।
घटना के बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस थाना फुलियाकलां में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस सनसनीखेज घटना के बाद क्षेत्र के पत्रकारों और ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। पत्रकार संगठनों और स्थानीय लोगों ने इसे पत्रकारिता पर हमला बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित पत्रकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि सच सामने लाने वालों की सुरक्षा कितनी असुरक्षित होती जा रही है।
- भीलवाड़ा अरवड़ में ग्रामीण संवाददाता पर हमलाArwad Bhilwara journalist attack newsफुलियाकलां थाना क्षेत्र पत्रकार मारपीट मामलाग्रामीण संवाददाता सत्यनारायण टेलर पर हमलारात्री चौपाल खबर छापने पर हमला अरवड़Bhilwara rural journalist beaten for newsरामलाल गुर्जर द्वारा पत्रकार को धमकी अरवड़press freedom attack in Bhilwara Rajasthanjournalist assault case Phuliya Kalan police stationग्रामीण पत्रकारिता पर हमला भीलवाड़ाfreedom of press attacked in Rajasthan villageArwad village news reporter assault case

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
