रिजु झुनझुनवाला को चिकित्सा सेवा में उत्कृष्ट कार्य हेतु मिला राज्य स्तरीय सम्मान
जवाहर फाउंडेशन द्वारा अजमेर में ₹1 में 'स्वाभिमान भोज' उपलब्ध कराने और चिकित्सा क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक भागीदारी के लिए संस्थापक रिजु झुनझुनवाला को पुरस्कृत किया गया।

जयपुर के चिकित्सा शिक्षा भवन में आयोजित समारोह में चिकित्सा शिक्षा विभाग के कमिश्नर नरेश गोयल (बाएं से प्रथम) से रिजु झुनझुनवाला के प्रतिनिधि के रूप में रजनीश वर्मा (बाएं से द्वितीय) प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्राप्त करते हुए।
भीलवाड़ा, 29 जनवरी। राजस्थान चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में सहयोगार्थ सक्रिय सामाजिक भूमिका के लिए उत्कृष्ट कार्य हेतु जवाहर फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष रिजु झुनझुनवाला को सम्मानित किया गया।
राज्य स्तरीय सम्मान समारोह और मुख्य अतिथि
राजस्थान सरकार की चिकित्सा शिक्षा प्रकोष्ठ विभाग के राज्य स्तर सम्मान समारोह में अजमेर स्थित जवाहर फाउंडेशन द्वारा निर्मित स्वाभिमान भोज कार्यक्रम (मात्र एक रुपए में भोजन) उपलब्ध कराने के लिए जवाहर फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष रिजु झुनझुनवाला को राजस्थान में राज्य स्तर पर चिकित्सा विभाग द्वारा प्रदेश के चयनित गणमान्य लोगों में सम्मानित किया गया।
जयपुर के राजा पार्क स्थित चिकित्सा शिक्षा भवन कमिश्नरेट मुख्यालय में आयोजित समारोह के अवसर पर राजस्थान राज्य स्तर सम्मान से पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चिकित्सा शिक्षा विभाग के कमिश्नर नरेश गोयल थे। इस अवसर पर उन्होंने जवाहर फाउंडेशन की भूमिका की सराहना की और "अन्य अस्पतालों में भी ऐसे अवसर प्रदान करने का आग्रह किया।"
प्रशस्ति पत्र और फाउंडेशन की उपलब्धियां
जवाहर फाउंडेशन के ट्रस्टी एवं प्रभारी रजनीश वर्मा ने संस्थापक अध्यक्ष रिजु झुनझुनवाला के प्रतिनिधि के रूप में प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्राप्त किया। जवाहर फाउंडेशन के प्रभारी रजनीश वर्मा ने बताया फाउंडेशन द्वारा 11 स्वाभिमान भोज रसोई संचालित है।
जेएलएन अस्पताल में स्वाभिमान भोज रसोई
अजमेर संभाग के सबसे बड़े जेएलएन अस्पताल में 2000 वर्ग मीटर में स्वाभिमान भोज रसोई की स्थापना राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के कर कमलों से हुई। इस रसोई में प्रतिदिन 450 लाभार्थियों, मरीज एवं मरीज के परिजनों को मात्र ₹1 में थाली उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने जेएलएन प्रशासन एवं प्राचार्य जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज दोनों का इसकी स्थापना में सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
