रायला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 50 किलो डोडा पोस्त के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
भीलवाड़ा के रायला में नाकाबंदी के दौरान स्वीफ्ट कार से मादक पदार्थ बरामद, डीडवाना-कुचामन निवासी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज।

भीलवाड़ा। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत रायला थाना पुलिस ने निरंतर चौथी बड़ी सफलता अर्जित की है। पुलिस ने एक स्वीफ्ट कार की घेराबंदी कर उसमें छिपाया गया 50 किलो 350 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद करने के साथ ही डीडवाना-कुचामन के दो तस्करों को दबोचा है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शाहपुरा) राजेश आर्य और वृत्ताधिकारी (गुलाबपुरा) जितेन्द्र सिंह के सुपरविजन एवं थानाधिकारी मूलचंद वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा भीलवाड़ा-गुलाबपुरा रोड पर की गई। नाकाबंदी के दौरान भीलवाड़ा की ओर से आ रही एक संदिग्ध ग्रे रंग की स्वीफ्ट कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। वाहन में सवार खुनखुना थाना क्षेत्र (जिला डीडवाना-कुचामन) के बिंचावा निवासी देवाराम (22) पुत्र बुद्धाराम जाट और भण्डारी निवासी प्रीतमपुरी (26) पुत्र ओमपुरी गोस्वामी से पुलिस ने सघन पूछताछ की।
वाहन की सघन तलाशी लेने पर कार की सीटों के पीछे और डिग्गी में रखे कट्टों में कुल 50 किलो 350 ग्राम अवैध डोडा पोस्त पाया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ सहित तस्करी में प्रयुक्त कार को तत्काल जब्त कर लिया। आरोपियों के विरुद्ध रायला थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान मांडल थानाधिकारी (प्रशिक्षु IPS) आयुष श्रोत्रिया को सौंपा गया है। वर्तमान में पुलिस आरोपियों से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है। इस सफल ऑपरेशन में थानाधिकारी मूलचंद वर्मा सहित कांस्टेबल श्यामसुन्दर, राजेश, विक्रम और बनवारी लाल की मुख्य भूमिका रही। यह कार्रवाई क्षेत्र में सक्रिय ड्रग माफियाओं के मनोबल को तोड़ने वाली सिद्ध हुई है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
