रायला-कुंडिया विजयपुरा मार्ग पर बाइक सवार युवक को कार से टक्कर मारकर 50 हजार रुपये लूटने की सनसनीखेज वारदात का रायला पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि लूटी गई पूरी नकदी और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली गई।

घटना 17 जून की शाम की है। विजयपुरा निवासी मुस्ताक अली सोलर कनेक्शन से संबंधित कार्य पूरा कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने दिन के समय ही उनकी गतिविधियों की रेकी कर ली थी। जैसे ही मुस्ताक अली कुंडिया कला के निकट सुनसान मार्ग पर पहुंचे, पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे सड़क पर गिर पड़े।

बताया गया कि इसके बाद कार में सवार तीन बदमाश नीचे उतरे और मुस्ताक अली के साथ मारपीट करते हुए रुपयों से भरा बैग छीन लिया। बैग में 50 हजार रुपये नकद के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी रखे हुए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

लूट की सूचना मिलते ही रायला थानाधिकारी मूलचंद वर्मा ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य तथा वृताधिकारी सतीश मीणा के सुपरविजन में पूरे क्षेत्र में सघन नाकाबंदी कराई गई। आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई।

तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में पटेल नगर सेक्टर-11, भीलवाड़ा निवासी 24 वर्षीय सुनील गोड पुत्र विजय गोड, भागा का खेड़ा थाना मंगरोप निवासी 20 वर्षीय चांदमल जाट पुत्र बंशीलाल तथा नांदसी, अजमेर निवासी एवं वर्तमान में आजाद नगर, भीलवाड़ा निवासी 23 वर्षीय राहुल भांभी पुत्र महावीर शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए पूरे 50 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड सहित अन्य संभावित वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

रायला पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल एक गंभीर लूटकांड का शीघ्र खुलासा किया, बल्कि यह भी साबित किया कि प्रभावी पुलिसिंग और सतर्क जांच के जरिए अपराधियों तक कम समय में पहुंचा जा सकता है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story