राजस्थान में पत्रकार कल्याण, सम्मान और सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने राज्य के पूर्णकालिक वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकारों के लिए सम्मान राशि को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) ने राजस्थान वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना में संशोधन करते हुए नई दरों की अधिसूचना जारी कर दी है।

डीआईपीआर द्वारा जारी राजस्थान वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना (संशोधन) नियम-2026 के अनुसार ऐसे पूर्णकालिक अधिस्वीकृत पत्रकार, जिन्होंने दैनिक, साप्ताहिक, पाक्षिक समाचार पत्रों, स्वतंत्र पत्रकारिता, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया अथवा समाचार एजेंसी में कम से कम 20 वर्षों तक सेवायोजन कार्य किया हो, तथा जिनमें संपादक, प्रकाशक और समाचार पत्र के मालिक भी शामिल हैं, और जिनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक है, वे इस संशोधित योजना के अंतर्गत 18 हजार रुपये प्रतिमाह सम्मान राशि के पात्र होंगे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वित्तीय वर्ष बजट 2026-27 में ही अधिस्वीकृत पत्रकारों की सम्मान राशि को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये करने की घोषणा की थी। इसी बजट घोषणा की अनुपालना में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने यह अधिसूचना जारी की है।

नई व्यवस्था के तहत वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना के अंतर्गत लाभार्थी दिवंगत पत्रकार की पत्नी को मिलने वाली सम्मान निधि की राशि भी 7 हजार 500 रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये कर दी गई है। सरकार के इस निर्णय के बाद पत्रकार वर्ग के सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सम्मान को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story