राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में 30 मई को राजस्थान नगर पालिका कर्मचारी फेडरेशन का प्रांतीय अधिवेशन भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस उच्च स्तरीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में सूबे के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वायत्त शासन मंत्री श्री जाबर सिंह खर्रा ने शिरकत की। दोनों दिग्गजों के आतिथ्य में आयोजित इस प्रांतीय अधिवेशन के दौरान प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों के कार्मिकों की ज्वलंत समस्याओं पर गहन मंथन किया गया। फेडरेशन के प्रांतीय संगठन मंत्री हरनारायण माली ने कार्यक्रम की सफलता और रूपरेखा की आधिकारिक जानकारी साझा की।

इस महत्वपूर्ण अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय निकायों के अधिकारियों और कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों और समस्याओं का स्थायी निराकरण खोजना था। मंच से कार्मिकों के हितों से जुड़े कई गंभीर मुद्दों को पुरजोर तरीके से उठाया गया। चर्चा के मुख्य बिंदुओं में मंत्रालयिक एवं अधीनस्थ सेवा के कार्मिकों के पदों का रिव्यू कर पदोन्नति की प्रक्रिया में तेजी लाना, आरजीएचएस (RGHS) योजना के अंतर्गत असीमित (अनलिमिटेड) राशि तक स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करना, तथा सेवानिवृत्त कार्मिकों के पेंशन प्रकरणों का जिला स्तर पर ही त्वरित निस्तारण करना शामिल रहा। इसके अतिरिक्त, निकायों में मंत्रालयिक कर्मचारियों की नई भर्ती आयोजित कर वर्तमान कार्मिकों को अतिरिक्त कार्यभार से मुक्ति दिलाने, स्थानीय निकाय के अधिकारियों व कर्मचारियों का वेतन सीधे राज्य सरकार के मद से जारी करने, कर्मचारियों के समर्पित अवकाश का भुगतान तीव्रता से करने और सेवानिवृत्ति के उपरांत उपार्जित अवकाश के परिलाभों का अविलंब भुगतान करवाने जैसी न्यायोचित मांगें प्रमुखता से रखी गईं।

अधिवेशन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने नगर निकायों के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को पूरी तरह आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और कार्मिकों की इन विभिन्न समस्याओं के निराकरण में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। इस प्रांतीय अधिवेशन में फेडरेशन के प्रांतीय संगठन मंत्री हरनारायण माली, प्रांतीय कोषाध्यक्ष गोविंद वर्मा, जिला अध्यक्ष नंदकिशोर पारीक, भीलवाड़ा शाखा के अध्यक्ष विजय लोढ़ा, जिला महामंत्री उमेश पत्रिया, भीलवाड़ा शाखा के महामंत्री मंगलेश कुमार, भीलवाड़ा शाखा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवीन बोहरा एवं श्रीकांत शर्मा सहित नगर निगमों के अनेक वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख के बाद कर्मचारियों में अपनी मांगों के पूरा होने की एक नई उम्मीद जागी है, जिसे प्रदेश के निकाय ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story