राजस्थान मेवाड़ जाट महासभा, भीलवाड़ा के तत्वावधान में आगामी 20 नवंबर 2026 को प्रस्तावित चतुर्थ जाट सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर रविवार को जाट धर्मशाला कोटड़ी में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष देवबक्ष ढाबरढीमा ने की, जबकि प्रदेशाध्यक्ष शंकर लाल कुडी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में भीलवाड़ा अध्यक्ष भवानी राम नागा और मांडलगढ़ अध्यक्ष देवी लाल गुलरिया उपस्थित रहे। इस दौरान सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों, पंजीयन और आयोजन स्थल को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि चतुर्थ जाट सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन उसी क्षेत्र में किया जाएगा, जहां से सर्वाधिक जोड़ों का पंजीयन होगा। कोटड़ी क्षेत्र के उपस्थित समाजजनों ने सबसे अधिक जोड़ों का पंजीयन कराने का भरोसा जताते हुए सम्मेलन का आयोजन कोटड़ी में ही रखने का आग्रह किया।

बैठक के दौरान कैलाश गोदारा ककरोलिया घाटी को सर्वसम्मति से कोटड़ी ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं छगनलाल डगेर पपलाज और भगवान लाल कारवाल बीरमियास को उपाध्यक्ष तथा संजय थरोदा को सचिव नियुक्त किया गया।

शाहपुरा ब्लॉक अध्यक्ष रामधन थरोदा ने समाज में बढ़ती दिखावटी शादियों और फिजूलखर्ची पर अंकुश लगाने की अपील करते हुए अपने क्षेत्र से 10 जोड़ों के पंजीयन की घोषणा की। जहाजपुर ब्लॉक अध्यक्ष शिवराज वीरबाडिया ने 11 जोड़ों के पंजीयन की घोषणा की। जाट समाज ब्लॉक अध्यक्ष कोटड़ी देवराज इचोलिया सोपुरा ने दो जोड़ों के पंजीयन का संकल्प लिया। इसके साथ ही सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भी अपनी ओर से दो-दो जोड़े पंजीयन कराने की घोषणा की।

बनेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष हेमराज गढ़वाल डाबला ने कपड़ा प्रथा की जगह रोकड़ लिफाफा देने की अपील की। महासभा के महामंत्री शोभाराम तोगड़ा ने बैठक का संचालन करते हुए समाजहित से जुड़े प्रेरक विचार रखे। उन्होंने कहा, ’’दिखावे की होड़ में हम बहुत ’बड़े’ बन चुके हैं, लेकिन यदि वास्तव में समाज का भला करना है, तो अब हमें सादगी अपनाकर ’छोटा’ बनने का प्रयास करना चाहिए।’’

बैठक में समाज ने एक ऐतिहासिक संकल्प लेते हुए निर्णय लिया कि शादी से पहले अधिकतम 5 लाख रुपये तक के जेवरात ही पहनाए जाएंगे। ज्योतिषाचार्य अंबालाल डकावा ने समाजजनों से दिखावटी खर्चों पर अंकुश लगाने और शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने गुरु पूर्णिमा पर सभी को आरजिया पधारने के लिए आमंत्रित किया।

सोशल मीडिया कार्यकर्ता मोहित रतवाल ने कहा कि मेरी भी दो बहनों की शादी पूर्व में सामूहिक विवाह हरणी महादेव में शानदार आयोजन के साथ हुई है। उन्होंने सभी समाजबंधुओं से चतुर्थ सामूहिक विवाह को ऐतिहासिक बनाने के लिए तन, मन और धन से सहयोग करने की अपील की।

बैठक में उदय लाल, दुदा लाल गोदारा, रामकिशन लालरिया, उदय लाल जाट, सीताराम माँदल और पंडेर सहित अन्य उपस्थित समाजजनों ने नशा मुक्त समाज निर्माण और सामूहिक विवाह को अपनाने की अपील की।

बैठक में लिए गए निर्णयों और समाजजनों द्वारा किए गए संकल्पों के साथ चतुर्थ जाट सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को गति मिली है। आयोजन को लेकर पंजीयन बढ़ाने और सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने के प्रयासों पर विशेष जोर दिया गया।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story