भीलवाड़ा, 27 मार्च। मध्य पूर्व एशिया क्षेत्र में उत्पन्न स्थिति को देखते हुए प्रदेश में एलपीजी की वर्तमान स्थिति, बचत और उपभोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ), जयपुर में एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की, जिसमें विभिन्न दलों के 12 विधायकों ने भाग लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

औद्योगिक संकट और वाणिज्यिक गैस की किल्लत

बैठक में भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने आमजन की सुविधा और संसाधनों के संतुलित उपयोग पर जोर देते हुए कई व्यावहारिक एवं जनहितकारी सुझाव रखे। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा एक औद्योगिक नगरी है, जहां प्रोसेस हाउसों में एलपीजी का व्यापक उपभोग होता है। वर्तमान समय में घरेलू गैस की कोई विशेष कमी नहीं है, बल्कि वाणिज्यिक गैस की उपलब्धता में समस्या सामने आ रही है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि "गैस की कमी से उद्योग संकट में है जिससे लाखों श्रमिकों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो सकता है।" उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य सरकार इस विषय को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी रूप से रखे, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान हो सके।

पीएनजी विस्तार और आयोजनों के लिए विशेष नीति

इसके साथ ही विधायक कोठारी ने पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) के अधिक से अधिक कनेक्शन उपलब्ध कराने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि "पीएनजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, यह एलपीजी की तुलना में सस्ती भी है, इसलिए इसके विस्तार से आमजन और उद्योग दोनों को राहत मिल सकती है।" उन्होंने प्रदेश में होने वाले वैवाहिक, धार्मिक एवं मांगलिक आयोजनों के दौरान एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली सरकार की तर्ज पर अलग नीति बनाने का भी सुझाव दिया, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

विपक्ष का सहयोग और मुख्यमंत्री का आश्वासन

बैठक में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली ने कहा कि इस स्थिति में सभी राजनीतिक दल सरकार के साथ खड़े हैं और जनहित में सहयोग करने को तैयार हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधायक अशोक कोठारी के सुझावों की सराहना करते हुए कहा कि एलपीजी की वर्तमान स्थिति न तो केंद्र सरकार, न राज्य सरकार और न ही किसी राजनीतिक दल की वजह से उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जिला कलेक्टरों को निगरानी एवं मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।

कालाबाजारी पर सख्ती और सावधानी की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि घबराने की आवश्यकता नहीं है, केवल सतर्क और संयमित रहने की जरूरत है तथा उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध भंडारण और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों और राजनीतिक दलों से सहयोग की अपेक्षा भी व्यक्त की। बैठक में मंत्री सुमित गोदारा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली, विधायक अशोक कोठारी, श्रीचंद कृपलानी, सुभाष गर्ग, राजेन्द्र पारीक, बसपा विधायक मनोज कुमार न्याली सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। वहीं मंत्री जोगाराम पटेल और मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, विधायक थावर चंद ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story