राजस्थान बार काउंसिल चुनाव में लगातार पांचवीं बार विजयी होने पर वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेशचंद्र श्रीमाली का भीलवाड़ा पहुंचने पर अधिवक्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जिला बार एसोसिएशन परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में उन्हें फूल-मालाओं से लादकर जीत की बधाई दी गई। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड़ सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, विधि व्यवसाय से जुड़े लोग और शुभचिंतक मौजूद रहे।

राजस्थान के मेवाड़ के इतिहास में पहली बार भीलवाड़ा में वकालत करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेशचंद्र श्रीमाली बार काउंसिल ऑफ राजस्थान में लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज करने वाले पहले व्यक्ति बने हैं। उनकी इस उपलब्धि को अधिवक्ताओं ने ऐतिहासिक बताते हुए इसे अधिवक्ता समुदाय के विश्वास और उनके लंबे सार्वजनिक एवं विधिक योगदान की स्वीकृति बताया।

स्वागत समारोह के दौरान उपस्थित अधिवक्ताओं ने कहा कि बार काउंसिल में सुरेशचंद्र श्रीमाली का अनुभव और नेतृत्व प्रदेशभर के अधिवक्ताओं के हितों की मजबूती से आवाज उठाता रहा है। बड़ी संख्या में मौजूद अधिवक्ताओं और समर्थकों ने उनकी लगातार पांचवीं जीत को अधिवक्ता समुदाय के विश्वास की मुहर बताया।

इस अवसर पर सुरेशचंद्र श्रीमाली ने सभी अधिवक्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी अधिवक्ताओं के अधिकारों, उनके कल्याण और न्यायिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान बार एसोसिएशन परिसर में उत्साह का माहौल रहा। समर्थकों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर जीत का जश्न मनाया और सुरेशचंद्र श्रीमाली के सम्मान में शुभकामनाएं दीं।

सुरेशचंद्र श्रीमाली पूर्व में वर्ष 1979-80 में छात्र संघ अध्यक्ष रह चुके हैं। वह बार एसोसिएशन भीलवाड़ा के अध्यक्ष भी रहे हैं तथा वर्ष 2008 में बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष का दायित्व भी संभाल चुके हैं। लगातार पांचवीं बार बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव में उनकी जीत को भीलवाड़ा और मेवाड़ के अधिवक्ता समुदाय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story